27 को अयोध्या लाई जाएंगी सिंघल की अस्थियां, सरयू नदी में होगा विसर्जन

punjabkesari.in Sunday, Nov 22, 2015 - 11:02 AM (IST)

अयोध्या: राम मन्दिर आन्दोलन के नायक रहे विश्व हिन्दू परिषद(विहिप) नेता अशोक सिंघल की अस्थियों का यहां सरयू नदी में आगामी 27 नवम्बर को विसर्जन किया जाएगा। विहिप सूत्रों ने आज यहां बताया कि संगठन के महामंत्री चम्पत राय अस्थियों को लेकर लखनऊ से आएंगे। रास्ते में अस्थिकलश पर माल्यार्पण के कई कार्यक्रम होंगे। उन्होंने बताया कि अस्थियों के विसर्जन से पहले सरयू तट पर श्रद्धांजलि सभा होगी जिसमें राय जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महन्थ नृत्य गोपाल दास के साथ ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक और उसके अनुषांगिक संगठनों के नेता और साधु सन्त मौजूद रहेंगे।

उन्होंने बताया कि 23 नवम्बर को प्रयाग के संगम तट पर अस्थियों का विसर्जन होगा। अस्थियों के विसर्जन का कार्यक्रम कल से शुरु होकर 15 दिनों तक चलेगा। उन्होंने बताया कि अयोध्या, चित्रकूट, प्रयाग समेत देश के विभिन्न हिस्सों में करीब 50 स्थानों पर अस्थियां विसर्जित की जाएंगी। विहिप ने अलग-अलग राज्यों के लिए पदाधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की है। गौरतलब है कि गत 18 नवम्बर को गुडगांव के मेदान्ता अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई थी। अगले दिन उनका दिल्ली के निगमबोध घाट पर अन्तिम संस्कार किया गया था।