अयोध्या से विधानसभा के लिए किस्मत आजमा सकते हैं CM योगी

punjabkesari.in Monday, May 08, 2017 - 11:02 AM (IST)

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या से राज्य विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमा सकते हैं।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की स्थानीय इकाई के सूत्रों की माने तो पार्टी योगी आदित्यनाथ को अयोध्या विधानसभा से चुनाव लड़ाने की जोर दे रही है।

अयोध्या विधानसभा के मौजूदा भाजपा विधायक वेद प्रकाश गुप्ता से जब यह पूछा गया कि आपके विधानसभा से प्रदेश के मुख्यमंत्री चुनाव लड़ने जा रहे हैं तो उन्होंने कहा कि स्वागत योग्य है। इससे अयोध्या का विकास बहुत तेजी से होगा। उन्होंने कहा कि जिस दिन प्रदेश के मुख्यमंत्री ने यह कह दिया कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी से मैं चुनाव लड़ूंगा उस दिन मैं अपना त्याग पत्र तुरन्त पार्टी को सौंप दूंगा। मैं स्वयं और यहाँ की जनता भी चाहती है कि मुख्यमंत्री यहाँ से चुनाव लड़ें जिससे अयोध्या विधानसभा का खूब तेजी से विकास हो सके।

गुप्ता से अयोध्या और फैजाबाद नगर पालिका परिषद को मिला करके नगर निगम के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पूरी संभावना है कि इसी हफ्ते इन दोनों पालिकाओं को मिला करके अयोध्या नगर निगम की घोषणा हो जाए। निगम बनने से अयोध्या और फैजाबाद का विकास भी तेजी से होगा। अयोध्या विधानसभा के विधायक ने कहा कि योगी अगर यहां से चुनाव लड़ते है तो जनता उन्हें भारी मतों से विजयश्री दिलाएगी। जब उनसे पूछा गया कि क्या आप अयोध्या नगर निगम बन जाने पर मेयर का चुनाव लड़ेंगे तो उन्होने कहा कि पार्टी जो चाहेगी वह करने के लिए तैयार हूं।

गौरतलब है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकसभा के सदस्य हैं और प्रदेश विधानसभा की सदस्यता हासिल करने के लिए उन्हें किसी विधानसभा से 6 माह के अंदर चुनाव लड़ना है।