अयोध्या मामला: आडवाणी, जोशी और उमा भारती पर कल आ सकता है बड़ा फैसला

punjabkesari.in Monday, May 29, 2017 - 01:23 PM (IST)

लखनऊ: अयोध्या में 6 दिसम्बर 1992 को बाबरी ढांचे को ध्वस्त किए जाने के मामले में आरोपी पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, डा. मुरली मनोहर जोशी और केन्द्रीय मंत्री उमा भारती समेत अन्य आरोपियों पर केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत कल आरोप तय का सकती है।

आडवाणी, जोशी, भारती, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद विनय कटियार, विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) नेता विष्णुहरि डालमिया और साध्वी ऋतम्भरा को गत 26 मई को अदालत में पेश होना था, लेकिन अदालत बैठते ही उनके वकील ने हाजिरीमाफी की दरख्वास्त दे दी। विशेष अदालत के न्यायाधीश सुरेन्द्र कुमार यादव ने हाजिरी माफी तो दे दी थी, लेकिन 30 मई को हर हाल में पेश होने का आदेश दिया।

इन आरोपियों के पेश नहीं होने की वजह से 26 मई को आरोप तय नहीं हो सके। अब इनके ऊपर भी कल आरोप तय किए जाएगे। आरोप तय करने के लिए आरोपी को व्यक्तिगत रुप से अदालत में उपस्थित होना जरुरी होता है। मामले में वकील के. के. मिश्रा का कहना है कि आरोपियों के पेश पहीं होने पर अदालत वारण्ट जारी कर सकती है। सीबीआई की विशेष अदालत कल आडवाणी और जोशी के साथ ही विहिप और भाजपा के 12 लोगों के खिलाफ आरोप तय करेगी।

इन लोगों में कटियार, केन्द्रीय मंत्री उमा भारती, साध्वी ऋतम्भरा, डालमिया, रामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास, पूर्व सांसद डा़ राम विलास दास वेदान्ती, महंत धर्मदास, चम्पत राय, सतीश प्रधान और बैकुंठ लाल शर्मा शामिल हैं।  पिछली तारीख को अदालत ने कहा था कि उच्चतम न्यायालय के आदेशानुसार चार सप्ताह में आरोप तय कर देने हैं, लेकिन आरोपियों के पेश नहीं होने की वजह से इसमें देरी हो रही है। इन लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 153, 153ए, 295, 295ए, 120बी और 505 के तहत आरोप तय किए जाने हैं।