Ayodhya Deepotsav: दीपोत्सव पर दिखेगी राम मंदिर की भव्यता, 2 लाख दीयों से होगा जगमग

punjabkesari.in Tuesday, Oct 08, 2024 - 11:42 AM (IST)

Ayodhya Deepotsav: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में हर साल की तरह इस साल भी भव्य दीपोत्सव का कार्यक्रम होगा। दीपोत्सव पर भव्य और दिव्य राम मंदिर की भव्यता और भी बढ़ जाएगी, क्योंकि इस दिन पूरे राम मंदिर को दो लाख दीयों से सजाया जाएगा और श्रद्धालुओं को रामायण युग की अनुभूति होगी। वहीं, अयोध्या में भी दीपोत्सव पर रिकॉर्ड संख्या में दीये जलाए जाएंगे। इसके भव्य आयोजन के लिए पर्यटन विभाग तैयारियों में जुटा हुआ है।

चाइनीज सामान पर रहेगा प्रतिबंध
जानकारी के मुताबिक, दीपोत्सव में राम मंदिर की विशेष प्रकार के लाइटों से भव्य सजावट की जाएगी। राम जन्मभूमि पथ के प्रवेश द्वार से लेकर गर्भगृह तक भव्य सजावट की जाएगी। मंदिर परिसर में इस बार दो लाख दीये जलाने की तैयारी है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा, ट्रस्ट राम जन्मभूमि में दीपावली समारोह के लिए सभी व्यवस्थाएं करेगा। राम जन्मभूमि ट्रस्ट ने दिवाली के लिए चाइनीज वस्तुओं और लाइटों पर प्रतिबंध लगा दिया है।

गिनीज रिकॉर्ड बनाने का रखा गया है लक्ष्य
दीपोत्सव पर डिजाइनर परिधानों, दो लाख दीयों के साथ भव्य समारोह की योजना बनाई गई है और गिनीज रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस आयोजन का उद्देश्य भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने के दृश्यों को फिर से जीवित करना है। चंपत राय ने कहा कि भारत बहुत बड़ा देश है। यह विविधताओं का देश है। हम त्यौहार कैसे और कब मनाएं। इसकी जानकारी हम आचार्यों से लेते हैं। यह उनका काम है।

25 लाख दीयों की रोशनी से जगमगाएंगे अयोध्या के घाट
राम मंदिर के अलावा अयोध्या में भी भव्य दीपोत्सव मनाने की तैयारी की जा रही है। यहां पर रिकॉर्ड संख्या में दीये जलाए जाएंगे। इसके भव्य आयोजन के लिए पर्यटन विभाग तैयारियों में जुटा हुआ है। अवध विश्वविद्यालय के लगभग 8 हजार वॉलिंटियर इस बार 25 लाख दीपक जलाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे। वहीं, दिव्य अयोध्या ऐप​ पर हर छोटी-बड़ी जानकारी मिलेगी।  एप से डिजिटल दीप जलाने की भी सुविधा मिलेगी। दीपोत्सव देखने के लिए देश- विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु व पर्यटक अयोध्या आयेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static