अयोध्या: दुर्गापूजा के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग से मची अफरा-तफरी, 1 शख्स की मौत, 2 बच्चियां घायल

punjabkesari.in Thursday, Oct 14, 2021 - 11:58 AM (IST)

अयोध्या: यूपी के अयोध्या में दुर्गा पूजा के दौरान जागरण में फायरिंग होने से हड़कंप मच गया। इस हमले में एक शख्स की मौत हो गई है, वहीं उसकी 2 बच्चियां घायल हैं। बताया जा रहा है कि 4 युवकों ने इस फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है। मौके पर तमाम बड़े अधिकारी पहुंच गए और पूछताछ चल रही है। 

घटना कोतवाली नगर के कोरखाना नील गोदाम के पास की है। वहीं देर रात फायरिंग में घायल दोनों बच्चियों को नाजुक हालत में लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। मामले की जांच के लिए एसएसपी शैलेश पांडेय ने 4 टीम गठित की है। वहीं पकड़े गए एक हमलावर से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस ने हमलावरों के वाहन भी बरामद कर लिए हैं। पता चला है कि तीनों हमलावर वाहन छोड़कर फरार हुए हैं।

क्या कहती है पुलिस? 
इस पर एसएसपी शैलेश पांडे ने कहा कि फायरिंग का दुर्गा पूजा से लेना देना नहीं है। पंडाल से दूर घर के बाहर वारदात हुई है। प्रथम दृष्टया रंजिश का मामला लग रहा है। रंजिश को लेकर तहकीकात चल रही है। मौके से पांच वाहन बरामद किए गए हैं। पांचों वाहनों की शिनाख्त की जा रही है। एक हमलावर पकड़ा गया है, उससे पूछताछ चल रही है। 


 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj