Ayodhya: पहली बार दीपोत्सव में PM मोदी करेंगे शिरकत, रामलला के आंगन में जलाएंगे दीप, बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था

punjabkesari.in Friday, Oct 21, 2022 - 10:39 PM (IST)

अयोध्या: उत्तर प्रदेश में श्रीराम नगरी अयोध्या में 23 अक्टूबर को आयोजित हो रहे छठे दीपोत्सव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन की शुक्रवार को पुष्टि कर दी गयी। प्रधानमंत्री के अयोध्या प्रवास के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है।       
PunjabKesari
दिल्ली में प्रधानमंत्री कार्यालय ने बयान जारी कर दीपावली की पूर्व संध्या पर 23 अक्टूबर को मोदी के अयोध्या आने की पुष्टि कर दी है। इसे देखते हुए अयोध्या में चप्पे चप्पे पर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किये गये हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार मोदी दीपोत्सव में हिस्सा लेने के अलावा भव्य राम मंदिर के निर्माणस्थल का निरीक्षण भी करेंगे। बाद में वह भगवान राम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक भी करेंगे।       
PunjabKesari
बयान के अनुसार प्रधानमंत्री भव्य दीपोत्सव समारोह की शुरुआत भी करेंगे। सरयू नदी के न्यू घाट पर आरती, थ्री डी, होलोग्राफिक प्रोजेक्शन उत्सव देखेंगे। गौरतलब है कि यह पहला अवसर है कि जब पीएम मोदी इस समारोह में भाग ले रहे हैं। दीपोत्सव पर्व को भव्य बनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। वहीं दीपावली के अवसर पर 15 लाख से अधिक मिट्टी के दीये जलाये जायेंगे। प्रधानमंत्री शाम करीब पांच बजे श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला के दर्शन व पूजन करेंगे। इसके बाद श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट स्थल के द्वारा बनाये जा रहे भव्य राम मंदिर निर्माण का निरीक्षण करेंगे। प्रधानमंत्री रामलला के आंगन में दीपक जलाकर रामलला मंदिर निर्माण के कार्यक्रम को करीब से देखेंगे।       
PunjabKesari
उन्होंने बताया कि सायं 5:45 बजे प्रधानमंत्री मोदी भगवान श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक करेंगे। शाम साढ़े छह बजे सरयू नदी के नये घाट पर वह आरती देखेंगे। इसके बाद भव्य दीपोत्सव की शुरुआत की जायेगी। इस अवसर पर 15 लाख से अधिक दिये जलाये जायेंगे जो नये घाटों पर रखे गये हैं। दीपोत्सव के दौरान विभिन्न राज्यों के विभिन्न नृत्य रूपों के साथ 05 एलिमेटेड झांकियां और 11 रामलीला झांकिया भी प्रदर्शित की जायेंगी।       
PunjabKesari
प्रधानमंत्री भव्य म्यूजिक लेजर शो के साथ-साथ सरयू नदी के तट पर राम की पैड़ी पर थ्री डी होलोग्राफी प्रोजेक्शन मैपिंग शो भी देखेंगे। इससे पहले मोदी 05 अगस्त 2020 को राम मंदिर का भूमि पूजन करने के लिये अयोध्या आये थे। इस बार अयोध्या की दीपावली अयोध्या धाम ही नहीं चौरासी कोस में मनायी जा रही है। इसके अलावा दक्षिण कोरिया और केन्या समेत कई अन्य देशों के राजदूत भी अयोध्या पहुंच रहे हैं।       

वहीं झांकियों की संख्या और पिछली बार की तुलना में उनकी भव्यता को भी बढ़ाया गया है। इस बार एक-एक चीज पर काफी फोकस किया जा रहा है। इन झांकियों में श्रीरामचरित मानस कांड दिखेगा। इसके अलावा राम मंदिर के किनारों पर होने वाले लेजर शो का दायरा बढ़ाकर 337 फीट कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने प्रधानमंत्री के आगमन को ले करके जगह-जगह मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गयी है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static