Ayodhya Ram Navami: रामनगरी में रामनवमी की धूम, उमड़ा आस्था का जनसैलाब; 50 लाख भक्तों के आने का अनुमान

punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 11:00 AM (IST)

Ayodhya News: रामनगरी अयोध्या में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी का पर्व बड़ी श्रद्धा और खुशी के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। सुबह से ही लोग सरयू नदी में स्नान कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं और मंदिरों में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी हुई हैं। बता दें कि प्रभु श्रीराम के बाल स्वरूप रामलला का दर्शन करने के लिए अयोध्या में लगभग 50 लाख भक्तों के आने का अनुमान है। 

पहले स्नान और फिर रामलला के दर्शन कर रहे श्रद्धालु 
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में आज दोपहर ठीक 12 बजे भगवान सूर्य की किरणों से प्रभु श्रीराम का तिलक होगा। सूर्य की किरणें सीधे प्रभु श्रीराम के ललाट पर पड़ेगी। गर्भगृह में स्थित रामलला के मस्तक पर सूर्य की किरणें करीब चार मिनट तक ठहरेंगी। ये नजारा भव्य और दिव्य होगा। इसी नजारे को देखने और रामलला के दर्शन करने के लिए भारी संख्या में भक्त पहुंच रहे है। सुबह से ही जनसैलाव उमड़ रहा है। सरयू घाट पर करीब 500 मीटर तक भीड़ देखी जा रही है। दूर-दूर से आए श्रद्धालु पहले स्नान कर रहे हैं, फिर मंदिरों में जाकर भगवान के दर्शन कर रहे हैं।

विशेष पुष्पों से सजाए गए मंदिर   
अयोध्या के मंदिरों को विशेष पुष्पों से सजाया गया है और रोशनी का व्यापक प्रबंध किया गया है। प्रभु श्रीराम के जन्म के उत्सव की शुरुआत ठीक 12 बजे होती है। जो देर रात्रि तक चलता है। रामजन्म से लेकर छठ तक के कार्यक्रम समारोहपूर्वक मनाए जाते हैं। जिला प्रशासन ने अयोध्या आने वाले सभी मार्गों के यातायात व्यवस्था को परिवर्तित कर दिया है। कोई भी बड़ा वाहन अयोध्या नहीं आ पाएगा। अयोध्या के सभी स्नान घाटों की सफाई की गई है। पुलिस के जवान स्नान घाटों पर तैनात है। पुलिस कंट्रोल रूम से कैमरों के जरिए निगरानी कर रही है। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरे शहर को 6 जोन और 29 सेक्टर में बांटकर निगरानी रखी जा रही है। अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static