थाने पहुंचा खुद पर गोली चलवाने का आरोपी व BJP सांसद का बेटा आयुष, दर्ज करवाया बयान

punjabkesari.in Monday, Mar 15, 2021 - 09:10 AM (IST)

लखनऊः भारतीय जनता पार्टी से सांसद कौशल किशोर के बेटे आयुष ने पुलिस स्टेशन में आकर सरेंडर कर दिया। खुद पर गोली चलवाने के आरोपी आयुष घटना के बाद से ही फरार चल रहे थे। इस मामले में उनपर केस भी दर्ज है। पुलिस ने आयुष से पूछताछ शुरू कर दी है।

बता दें कि मोहनलालगंज से भाजपा सांसद कौशल किशोर का बेटा आयुष किशोर रविवार दोपहर को मड़ियांव थाने पहुंचा। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए नोटिस दी थी।

गौरतलब है कि दो मार्च की रात को भाजपा सांसद के बेटे ने खुद पर गोली चलवा दी। इस मामले में पुलिस ने वारदात के 12 घंटे के अंदर ही गोली चलाने के आरोप में उसके साले आदर्श को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद से आयुष फरार चल रहा था।

पुलिस उसकी तलाश में कई जगह दबिश दी लेकिन सफलता नहीं मिली। इसी बीच बुधवार को आयुष के वकील ने कोर्ट में आत्मसमर्पण की अर्जी डाली है। जिस पर 12 मार्च की तारीख को आदेश हुआ कि पुलिस सीधे उसकी गिरफ्तारी नहीं कर सकती है। उसे पूछताछ के लिए नोटिस जारी करे।

इस बाबत प्रभारी निरीक्षक मड़ियांव मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आयुष को नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद उसने थाने में आकर सरेंडर कर दिया है। गोली कांड से जुड़े कई सवाल हैं। जिसे लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।

 

 

 

 

 

Content Writer

Moulshree Tripathi