स्टैच्यू ऑफ यूनिटी से भी ऊंची हो श्रीराम की प्रतिमा: आजम खान

punjabkesari.in Sunday, Nov 04, 2018 - 05:19 PM (IST)

रामपुरः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में नर्मदा नदी के किनारे देश के पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की विश्व की सबसे उंची प्रतिमा का अनावरण कर इतिहास रच दिया है। जिसके बाद से उत्तर प्रदेश में भगवान राम की विशाल मूर्ति स्थापित किए जाने की चर्चा होने लगी है। खबरों के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरयू नदी के तट पर श्रीराम की 151 मीटर की प्रतिमा लगाने का ऐलान कर सकते हैं। वहीं सपा नेता आजम खान ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। 

आजम खान ने अपना समर्थन जाहिर करते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री अयोध्या में भगवान श्रीराम की मूर्ति स्थापित करने की घोषणा करते हैं तो मैं उनके विचारों का स्वागत करूंगा, लेकिन सरदार वल्लभ भाई पटेल की मूर्ति की तुलना में भगवान राम की मूर्ति ऊंची बनाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह ख्याल उस वक्त क्यों नहीं आया जब सरदार पटेल की प्रतिमा बनाई जा रही थी? भगवान राम की मूर्ति का निर्माण कोई क्यों रोकेगा। हम तो चाहते हैं कि उससे ऊंची प्रतिमा रामपुर में बनाएं। 

कुछ दिन पहले ही सीएम ने कहा था कि वह इस बार दीपावली पर प्रदेश की जनता को भव्य तोहफा देंगे, जिसके चलते कयास लगाए जा रहे हैं कि योगी आदित्यनाथ इस बार भगवान राम की प्रतिमा बनवाने की घोषणा कर सकते हैं। बता दें कि, भगवान राम की यह प्रतिमा दुनिया की सबसे बड़ी मूर्ति होगी। इसको बनाने में करीब 2500 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। पर्यटन विभाग इसको लेकर रूप रेखा तैयार कर रहा है। 

Deepika Rajput