आज़म का योगी पर तंज, एक दिन मस्जिदें भी भगवा रंग में रंगी नजर आएंगी

punjabkesari.in Saturday, Jan 06, 2018 - 05:44 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश इन दिनों भगवाकरण की राजनीति का सामना कर रहा है। हजरतगंज में विधानसभा के सामने स्थित हज हाउस की दीवारों को भगवा रंग कराए जाने पर समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आज़म खान ने योगी सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि यदि इसी तरह चलता रहा तो एक दिन हर चीज भगवा रंग में रंगी नजर आएगी।

आज़म खान ने योगी सरकार को आढ़े हाथों लेते हुए कहा कि ये न हो किसी दिन हम देखें कि मस्जिदों को भी भगवा रंग में रंग दिया गया है। हमारे कपड़ों का रंग भी भगवा किया जा सकता है। हमारी पत्नियों और बच्चों को घर से निकालकर उन्हें भगवा पहनाया जा सकता है। यदि धार्मिक मान्यताओं पर प्रहार किया गया तो पिछले शासकों की तरह ही परिणाम भोगना पड़ सकता है।

इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि इस साल पहले की तुलना में हाजियों की संख्या में भी कमी आई है। इसके लिए भी सरकार जिम्मेदार है। पहले हमें भारत सरकार से हज कोटे को बढ़ाने की मांग करनी पड़ती थी, लेकिन यह पहला मौका है, जब बहुत कम संख्या में लोग हज करने जा रहे हैं। उन्हें लगता है कि वे सुरक्षित नहीं हैं।

बता दें कि शुक्रवार को लखनऊ स्थित हज हाउस की दीवारें भगवा रंग में पुती नजर आई थी। भगवा रंग को हिंदुत्व का प्रतीक माना जाता है और कुछ लोग उसे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी आरएसएस से भी जोड़कर देखते हैं।