आजमगढ़ः पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश घायल

punjabkesari.in Monday, Mar 26, 2018 - 12:23 PM (IST)

आजमगढ़ः यूपी के आजमगढ़ जिले में सोमवार पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस ने एक 50 इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।  

पुलिस अधीक्षक अजय साहनी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर तरवां क्षेत्र के पट्टी भिखारी गांव के पियारा रोड पर सुबह पुलिस चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

इस पर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश सुनील गाजीपुर जिले के बहरियाबाद क्षेत्र स्थित बधाव देईपुर का निवासी है। उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे वाराणसी रेफर कर दिया।  

उन्होंने बताया कि घायल बदमाश सुनील पर आजमगढ़ और आस-पास के जिलों में 30 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। कुछ दिनों पहले उसने जहानागंज क्षेत्र के मुख्य कस्बा के एक मेडिकल स्टोर संचालक से 5 लाख रुपए की रंगदारी मांगी थी। उसके ऊपर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित था।  

Punjab Kesari