लोकसभा चुनाव में मिली हार की जिम्मेदारी लेकर राज बब्बर ने राहुल गांधी को भेजा इस्तीफा

punjabkesari.in Friday, May 24, 2019 - 12:53 PM (IST)

लखनऊः लोकसभा चुनाव में पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन को देखते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख राज बब्बर ने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को इस्तीफा भेजा है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि जनता का विश्वास हासिल करने के लिए विजेताओं को बधाई। यूपी कांग्रेस के लिए परिणाम निराशाजनक हैं। अपनी जिम्मेदारी को सफल तरीके से नहीं निभा पाने के लिए खुद को दोषी पाता हूं। उन्होंने कहा कि मैं नेतृत्व से मिलकर अपनी बात रखूंगा।

उल्लेखनीय है कि, उत्तर प्रदेश में कांग्रेस महज एक सीट रायबरेली जीत सकी है। फतेहपुर सीकरी से कांग्रेस के उम्मीदवार राज बब्बर को बीजेपी प्रत्याशी राजकुमार चाहर ने तीन लाख से ज्यादा वोटों से चुनाव हरा दिया। पार्टी ने पहले उनको मुरादाबाद से प्रत्याशी बनाया था, लेकिन उन्होंने वहां से चुनाव लड़ने से मना कर दिया था। इसके बाद फतेहपुर सीकरी से मैदान में उतरे।

गौरतलब है कि, सिनेमा जगत से राजनीति में आए राज बब्बर 1989 में वीपी सिंह के नेतृत्व वाले जनता दल से जुड़े। बाद में वह जनता दल छोड़कर सपा में चले गए। 2006 में उन्हें सपा से बर्खास्त कर दिया गया। इसके बाद 2008 में वह कांग्रेस पार्टी का हिस्सा बन गए।

Deepika Rajput