मेयर ने साधा सांसद पर निशाना, कहा- बाबूलाल को नहीं है निगम की जानकारी

punjabkesari.in Wednesday, May 23, 2018 - 02:16 PM (IST)

आगरा: नगर निगम में डॉ. बी.आर. अांबेडकर की लगी 2 प्रतिमाओं को लेकर चल रही सियासत में मंगलवार को एक और नया मोड़ आ गया। मेयर नवीन जैन ने नगर निगम में पत्रकारों के सामने सांसद चौ. बाबूलाल पर निशाना साधा। मेयर ने कहा कि सांसद को नियमों की जानकारी नहीं है। बिना नगर निगम के सदन की मंजूरी के निगम सीमा में किसी भी महापुरुष की प्रतिमा नहीं लगाई जा सकती। सांसद कभी पार्षद नहीं रहे इसलिए उनको नियमों की जानकारी नहीं है। मेयर ने कहा कि 3 माह के भीतर आगरा शहर के विकास के लिए 72.5 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इससे सड़कों के निर्माण के साथ ही अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे, साथ ही नालों की सफाई भी कराई जाएगी।

गौरतलब है कि नगर निगम परिसर में पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा लगाने के लिए फतेहपुर सीकरी के सांसद चौधरी बाबूलाल भी आगे आ गए हैं। उन्होंने सोमवार को कहा था कि पंडित जी की प्रतिमा हर हाल में लगेगी। विरोध करने वालों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जाएगा। प्रशासन असमर्थ रहता है तो हम अनुयायी अपने पैसे से मूर्ति लगवाएंगे। सांसद चौधरी बाबूलाल ने कहा कि पं. दीन दयाल उपाध्याय एकात्म मानववाद के प्रणेता, जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष और हम सब के प्रेरणा स्त्रोत हैं। नगर निगम परिसर में दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा लगाने को लकर चल रही राजनीति और विरोध की हम सब निंदा करते हैं।

प्रदेश व केंद्र में भाजपा की सरकार है। पं. दीनदयाल उपाध्याय ने पार्टी के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। आज उन्हीं के जीवन के समर्पण की वजह से हम यहां तक पहुंचे हैं। अपनी सरकार में उनकी प्रतिमा लगने का विरोध करना शर्म की बात है, जो नहीं होना चाहिए। इसके लिए पार्टी का हर कार्यकर्ता तैयार खड़ा है। उनकी प्रतिमा हर हाल में लगनी चाहिए।

चौधरी बाबूलाल ने कहा था कि प्रशासन वहां मूर्ति लगवाने की व्यवस्था करे। अगर प्रशासन प्रतिमा लगाने में असमर्थ रहता है तो हम सब उनके अनुयायी अपने खर्चे पर नगर निगम में उनकी भव्य प्रतिमा लगवाएंगे। जो इसका विरोध करेगा, उसको उसकी भाषा में जवाब भी देंगे। उनकी प्रतिमा लगने से कोई नहीं रोक सकता है।

Anil Kapoor