पिछड़ों और गरीबों की पार्टी है भाजपा: रविशंकर प्रसाद

punjabkesari.in Sunday, Feb 26, 2017 - 11:45 AM (IST)

वाराणसी:केन्द्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि देश का किसान, गरीब व आम आदमी भाजपा के साथ है। नोटबंदी के बाद हुए नगर निगम चुनावों मे महाराष्ट्र और उड़ीसा के पिछडे जिलों से भाजपा की जीत यह साबित करती है कि भाजपा गरीबों की पार्टी है। रविशंकर प्रसाद ने वाराणसी में पत्रकारों से कहा कि उप्र में खौफ का माहौल खत्म करने के लिए सुशासन की जरूरत है। प्रदेश में बदलाव की हवा चल रही है और यदि यहां भाजपा की सरकार बनती है तो वो अपराध के खिलाफ खुल कर संघर्ष करेगी।

संजीदा मामलों में मजाक करना बंद करें अखिलेश
उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में बलात्कार पीड़ित महिला को एफआईआर दर्ज कराने के लिए उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पडता है तो सपा द्वारा शुरू किए गए डायल 100 का क्या फायदा है। अखिलेश यादव एेसे संजीदा मामलों में मजाक करना बंद करें। सपा और कांग्रेस गठबंधन के नारे पर तंज करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कितना अपनों का साथ निभाया है। आचार्य नरेन्द्र देव, सम्पूर्णानंद, लाल बहादुर शास्त्री, वीपी सिंह, नरसिम्हाराव ये सब भी कांग्रेसी थे परन्तु आज उनका नाम भी नहीं लिया जाता। कांग्रेस में ‘परिवार के लोगों’ को पूजा तथा बाहर के लोगों की उपेक्षा की जाती है। उन्होंने शीला दीक्षित द्वारा राहुल गांधी को लेकर दिए गए बयान पर कहा कि जो 45 साल की उम्र परिपक्व नहीं हो पाया तो आगे क्या होगा, जो हम संभलकर बोलते थे, उसे शीलाजी ने खुलकर कह दिया।

पीएम मोदी के नोटबंदी फैसले से आम जनता खुश
प्रसाद ने कहा कि मोदी द्वारा 500 और एक हजार रुपए के नोट बंद करने से आम जनता बेहद खुश है, जिसका परिणाम महाराष्ट्र, ओडिसा, चंडीगढ़, कोलकता सहित देश के कई हिस्सों के उप चुनावों, विधान पार्षद चुनाव एवं स्थानीय निकायों के चुनाव परिणामों में देखने को मिले हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों महाराष्ट्र के स्थानीय निकायों के 10 में से 8 पर जीत दर्ज करने के बाद पूर्वांचल के निवासियों के भाजपा के प्रति लगाव का पता चलता है, क्योंकि इस क्षेत्र मूल निवासी बड़ी संख्या में मुंबई समेत महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों रहते हैं। उन्होंंने कहा कि महाराष्ट्र के स्थानीय निकायों के चुनाव परिणाम पूर्वांचल के संभावित विधान सभा चुनाव परिणाम की झलक दिखाता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की लहर चल रही है तथा राज्य में भाजपा भारी बहुमत से सरकार बनाएगी।