बदायूं जेल की दीवार फांद शातिर सुमित फरार, पुलिस प्रशासन में मचा हड़कंप

punjabkesari.in Sunday, May 13, 2018 - 12:11 PM (IST)

बदायूंः उत्तर प्रदेश के बदायूं जिला कारागार से शातिर अपराधी के भागने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां हत्या के आरोप में जेल में बंद सुमित रस्सी के सहारे दीवार फांद कर जेल से फरार हो गया। वहीं मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों को इसकी कानों-कान खबर तक नहीं लगी। जैसे ही इस घटना की जानकारी जिला प्रशासन को हुई तो हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक फरार अपराधी सुमित बिलारी जिला मुरादाबाद का रहने वाला है। जो हत्या के मामले में बंद था। एहतियातन इसे मुरादाबाद से बदायूं जेल में शिफ्ट किया गया था। बताया जा रहा है कि सुमित के साथ गोरखपुर का कुख्यात अपराधी चंदन भी भागने के फिराक में था, लेकिन वह दीवार फांद न सका। चंदन पहले भी इलाज के बहाने अस्पताल में भर्ती होकर एक बार फरार हो चुका है। चंदन पर प्रदेश के कई जिलों में अपराध का केस चल रहा है।

गौरतलब है कि चंदन सिंह ने कुछ दिन पहले इलाज के लिए हाईकोर्ट लखनऊ से गुहार की थी। जिसपर जिला अधिकारी ने उसकी इस मांग को खारिज कर दिया था। वहीं कैदी के जेल से भागने की जानकारी होते ही जिलाधिकारी, एसपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस को जेल में एक पिस्टल भी मिली है, जिसे सुमित या चंदन का होने का शक जाहिर किया जा रहा है। अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच का आदेश दिया है और भागे कैदी के लिए टीमें गठित कर दी है।

Ruby