बागपतः खुदाई के दौरान मिले 4000 साल प्राचीन रथ और मुकुट

punjabkesari.in Wednesday, Jun 06, 2018 - 03:30 PM (IST)

बागपतः भारतीय पुरातत्‍व सर्वेक्षण (एएसआई) को उत्तर प्रदेश के बागपत में 4000 साल पुरानी सभ्यता के रथ और मुकुट मिले हैं, जिसे जानकार पुरातात्विक दृष्टिकोण से बड़ी खोज मान रहे हैं। 

पुरातत्वविदों के मुताबिक, बागपत के सादिकपुर सनौली गांव में खुदाई के दौरान शाही कब्रों का एक समूह मिला है। इसके अलावा अंतिम संस्कार के साक्ष्य मिले हैं। महाभारत काल में पांडवों के मांगे 5 गांवों में बागपत भी शामिल था। इसलिए इस सभ्यता के अवशेष को महाभारत काल से जोड़कर भी देखा जा रहा है। 

इसके पास ही एक गढ्ढे में 2 रथ, ताबूत के सिरहाने में मुकुट जैसी चीज के अवशेष भी मिले हैं। ताबूत के पास 3 तलवारें, 2 खंजर, 1 ढाल, 1 मशाल और एक प्राचीन हेलमेट भी मिला है। पुरातत्वविदों के अनुसार साल 2005 में इसी जगह से 120 मीटर की दूरी पर एक कब्रगाह मिली थी, जिसमें से लगभग 116 कब्रें मिली हैं। उन कब्रों के पास भी तलवारें आदि मिली थी। अधिकारियों का मानना है कि शायद यह कब्रें योद्धाओं की रही होगी।

 
 

Deepika Rajput