Bahraich: पकड़ा गया बुजुर्ग महिला पर हमला करने वाला तेंदुआ, वन विभाग ने किया पिंजरे में कैद

punjabkesari.in Thursday, Oct 03, 2024 - 10:16 AM (IST)

 

Bahraich News: उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली वन रेंज अंतर्गत एक गांव में मंगलवार आधी रात को एक तेंदुए ने बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। बुधवार देर रात को उस तेंदुएं को वन विभाग ने पकड़ लिया है और पिंजरे में कैद कर लिया है। इस तेंदुए ने इलाके में हड़कंप मचा रखा था। 5 दिनों में इलाके में तेंदुए ने दो लोगों पर हमला कर उन्हें घायल किया। इससे लोग दहशत में थे और अपने घरों से निकलने से डर रहे थे। बुधवार को वन विभाग ने इस तेदुए को पकड़कर पिंजरे में कैद कर लिया है।

ग्रामीणों ने की थी तेंदुए को पकड़ने की मांग
बता दें कि सुजौली वन रेंज के मजरा अयोध्या पुरवा में मंगलवार को रात करीब 12 बजे, जब बुजुर्ग महिला रहमाना मच्छरदानी लगाकर सो रही थीं, अचानक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। महिला के चीखने पर परिजनों ने शोर मचाया, जिससे तेंदुआ खेत की ओर भाग गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की गश्त टीम मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। घायल महिला को एंबुलेंस से सीएचसी मोतीपुर में भर्ती कराया गया है। महिला के पुत्र शरीफ सहित आसपास के कई ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगाने की मांग की है। पांच दिन पूर्व तेंदुए ने घर में घुसकर 13 वर्षीय बालिका साईबा को घायल किया था। इन हमलों के बाद लोग दहशत में थे।

तेंदुए को ट्रैप करने के लिए बांधी गई थी बकरी
वन विभाग ने हमलावर तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव के निकट शाम को एक गन्ने के खेत में पिंजरा लगाया था। शिकार के लिए पिंजरे में बकरी बांधी गई थी। इस बार ग्रामीणों को और वन विभाग को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा। बुधवार की रात को लगे पिंजरे में रात 9 बजे के करीब तेंदुआ बकरी के शिकार के चक्कर में पिंजरे में कैद हो गया। तेंदुए के पिंजरे में कैद होने की सूचना पर ग्रामीणों में अफरा तफरी मच गई। पिंजरे में कैद तेंदुए को रेंज कार्यालय ले जाया गया है। आज सुबह जिला प्रशासन की ओर से गठित टीम द्वारा गठित डॉक्टर का पैनल तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण करेगा इसके बाद विभागीय उच्च अधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static