तिलक समारोह में परोसा गया खाना, खाते ही एक के बाद एक 50 लोगों की बिगड़ी तबीयत, फिर... मचा हड़कंप

punjabkesari.in Wednesday, Feb 14, 2024 - 07:36 AM (IST)

Bahraich News: उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के राम गांव क्षेत्र में तिलक समारोह में खाना खाकर मंगलवार देर रात 50 से ज्यादा लोग बीमार हो गए, जिन्हें आनन फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फूड पॉइजनिंग के शिकार हुए लोगों में काफी संख्या में बच्चे और महिलाएं भी शामिल है। घटना की सूचना मिलते ही बहराइच की जिलाधिकारी मोनिका रानी और पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला जिला अस्पताल पहुंची और भर्ती लोगों के बेहतर और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया है।

विषाख्त भोजन खाने से 50 से ज्यादा लोग बीमार
सूत्रों के अनुसार राम गांव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बौकहा के मजरा रिंकू पुत्र श्याम लाल का विवाह तय हुआ था। जिसमें सोमवार को जिले के गुदुवापुर से तिलक कार्यक्रम हुआ। वर और वधू पक्ष के लोगों ने खाना खाया। सोमवार रात और मंगलवार सुबह तक सब कुछ ठीक था, लेकिन आज मंगलवार की रात 8 बजे से अचानक लोगों को उल्टी और दस्त शुरू हो हो गए। इससे पूरे गांव में अफरा तफरी मच गई। पुलिस को सूचना दी गई। प्रभारी निरीक्षक शशि राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फूड पॉइजनिंग के शिकार लोगों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

'16 एंबुलेंस से लोगों को लाया गया अस्पताल'
एंबुलेंस के जिला प्रबंधक सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि 16 एंबुलेंस से लोगों को लाया गया। जिला अस्पताल में राधेश्याम पुत्र श्याम लाल, अभय पुत्र राधेश्याम, शुभम पुत्र प्रेम कुमार, सावित्री पुत्री राम लोटन, सुभाष चंद्र पुत्र राम लोटन, विकास पुत्र प्रेम नारायण, संध्या पुत्र प्रेम नारायण, अर्जुन पुत्र रमेश, सविता पुत्री मायाराम, पूनम पत्नी पिंटू, चमेला देवी पत्नी, श्यामलाल समेत 41 लोग बीमार हो गए। इनमें बच्चे और बूढ़े भी शामिल हैं। सभी का डॉक्टर शहीर खान की अगुवाई में डाक्टरों की टीम इलाज कर रही है।

घटना का पता लगते ही जिलाधिकारी मोनिका रानी भी पहुंची अस्पताल
घटना की जानकारी होने पर जिलाधिकारी मोनिका रानी भी अस्पताल पहुंची। उन्होंने बीमार लोगों का हाल जाना। वर रिंकू की भाभी लज्जावती ने बताया कि टिक्की खाने से फूड पॉइजनिंग की आशंका है। पीडितों का इलाज जारी है। फूड पॉइजनिंग की जानकारी होने पर प्रभारी निरीक्षक शशि राणा ने अधिकारियों को अवगत कराया। जिस पर खाद्य विभाग की टीम ने सैंपल लिया। अभिहित अधिकारी विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि जांच रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा।

Content Editor

Anil Kapoor