बजरंग दल नेता की हत्या मामला: पुलिस ने 4 लोगों को किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Nov 25, 2017 - 04:30 PM (IST)

कानपुर: उत्तर प्रदेश की औद्योगिक नगरी कानपुर में बजरंग दल के एक कार्यकर्त्ता की धारदार हथियार से शुक्रवार रात हत्या कर दी गई। जिसके आरोप में पुलिस ने नामजद 5 लोगों में से एक महिला समेत 4 को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अखिलेश ने बताया कि बजरंगदल के पूर्व जिला संयोजक विजय यादव की शुक्रवार रात अरमापुर क्षेत्र में धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। नाजुक हालत में यादव ने 5 लोगों पर हमले का आरोप लगाया था। उनके बयान की वीडियोग्राफी भी की गई है। बयान के आधार पर विजय के भाई ने विनय झा और विनोद झा समेत 5 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।

उन्होने बताया कि 5 में से 4 को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, पांचवा अभी फरार है। उसे भी हिरासत में लेने की कोशिश की जा रही है। हिरासत में विजय झा की पत्नी को भी लिया गया है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार मामला पैसे के लेनदेन का लगता है, लेकिन कुछ लोग महिला से संबंध होने की बात भी कह रहे हैं।

उन्होने बताया कि कुछ दिन पहले विनय झा को गोली मारने के आरोप में विजय यादव जेल गया था। विनय झा ने उसके खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विजय यादव के जेल से छूटने के बाद से ही झा परिवार उसे खोज रहा था।