देशभर में ईद-उल-अजहा की धूम, अमन और तरक्की की दुआ के साथ झुके लाखों सिर

punjabkesari.in Monday, Aug 12, 2019 - 01:50 PM (IST)

वाराणसी/आगराः देश में आज ईद-उल-अजहा का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। त्याग और बलिदान के पावन पर्व पर सोमवार को वाराणसी और आगरा में कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच देश में अमन शांति और भाइचारे की दुआ मांगी गई। नमाज के बाद लोगों ने गले मिलकर एक दूसरे को बकरीद की मुबारकबाद दी। 

सुबह से ही प्रदेश के अधिसंख्य स्थानों पर नमाजियों की भीड़ बढ़ने लगी। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कई स्थानों पर नमाज के मद्देनजर रूट डायवर्जन किया गया था। सफेद लिबास में सिर पर नक्काशीदार टोपी पहने नमाजी ईदगाहों की तरफ बढ़े चले जा रहे थे। त्योहार को लेकर बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया।

आगरा में ताजमहल की मस्जिद में ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की गई। सुबह 8:45 पर हजारों की संख्या में अकीदतमंदों ने ताजमहल पर ईद की नमाज अदा की। ताजमहल के अलावा शाही जामा मस्जिद, ईदगाह और फतेहपुरी मस्जिद में भी नमाज अदा की गई।

जानिए क्या है बकरीद के पीछे की कहानी
माना जाता है कि हजरत इब्राहिम ने सपने में देखा कि अल्लाह ने उसे अपने बेटे इस्माइल की कुर्बानी देने के लिए कहा है। ऐसे में वह सपने को हकीकत का रूप देने निकल पड़े। रास्ते में उन्हें 3 शैतान मिले, जो इसमें रूकावट डालना चाहते थे। हालांकि, ऐसा नहीं हो सका। उनकी सच्ची इबादत से बला टल गई। अल्लाह ने उनके बेटे को बचा लिया और उसके बदले दुंबा नामक जानवर की कुर्बानी हो गई। तब से यह परंपरा बरकरार है।

Deepika Rajput