उफनाती गंगा की लहरों से टूटा बलिया का रिंग बांध, 296 गांव बाढ़ की चपेट में (Pics)

punjabkesari.in Sunday, Aug 28, 2016 - 05:10 PM (IST)

बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में उफनाती गंगा की लहरों से दूबे छपरा रिंग बांध टूटने से 296 गांव बाढ़ की चपेट में है। जिलाधिकारी गोविन्द राजू एन एस ने बताया कि कल क्षतिग्रस्त हुए रिंग बांध से प्रचंड लहरों का दबाव राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर बढ़ गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग को बचाने के लिए सभी सुरक्षित उपाय किए जा रहे हैं। मार्ग पर भारी वाहनों का आवा-गमन पहले से ही बंद कर दिया गया है।

बांध टूटने के बाद 12 गांव जलमग्न हो गए। बांध टूटने से पहले ही सभी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया था। उन्होंने बताया कि रिंग बांध टूटने के बाद जिले में 296 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। इनमें 188 गांव टापू बन गए हैं। बाढ़ से लगभग 2 लाख 80 हजार 640 लोग प्रभावित हुए है। 34 राहत शिविरों मे करीब 3400 लोग शरण लिए हुए हैं।

बाढ़ राहत के लिए 62 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई है। राष्ट्रीय आपदा बचाव दल (एनडीआरएफ) की 5 टीम, पीएसी की 6 प्लाटून ब्लड टीम एवं वायु सेना का हैलीकाप्टर बाढ़ से घिरे लोगों को मदद पहुंचाने मे जुटे हुए हैं। बलिया मे गंगा का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से 2.645 मी ऊपर बना हुआ है हालांकि जिले में घाघरा घटाव पर और टोंस का जलस्तर स्थिर बना हुआ।