बलिया: हेमा मालिनी ने शोले के डायलॉग पर BJP प्रत्याशी के लिए मांगे वोट, कहा- ‘चल धन्नो, बसंती के इज्जत का सवाल है’

punjabkesari.in Friday, Feb 25, 2022 - 07:20 PM (IST)

बलिया: मथुरा की भाजपा सांसद व सिने अभिनेत्री हेमा मालिनी ने जनता इंटर कालेज नगरा के मैदान में बिल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी छट्ठू राम के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए फिल्म शोले के डायलॉग ‘चल धन्नो, बसंती के इज्जत का सवाल है’ बोल कर जनता को तालियां बजाने को मजबूर कर दिया। उन्होंने अपने भाषण की शुरूआत राजा बलि, महर्षि वाल्मीकि, दुर्वासा व मंगल पांडेय की धरती को प्रणाम करके किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 5 साल के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाया है। प्रदेश की 25 करोड़ जनता के चेहरे पर आत्म विश्वास व खुशहाली दिखाई दे रही है। सपा व बसपा पर प्रहार करते हुए कहा कि इन दोनों सरकारों में भ्रष्टाचार व गुंडागर्दी चरम पर थी। योगी जी का नाम आते ही दंगाइयों व भ्रष्टाचारियों में खलबली मच जाती है।

‘हमारे प्रधानमंत्री 2 देशों के बीच जंग रोकने की कर रहे हैं कोशिश’
प्रधानमंत्री की चर्चा करते हुए कहा कि आज नरेंद्र मोदी वर्ल्ड लीडर के रूप में उभरे हैं। ऐसे प्रधानमंत्री पर गर्व होना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी यूक्रेन व रसिया के बीच छिडे़ युद्ध को रोकने का प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश में आज बेटियां सुरक्षित हैं। अपराधी माफिया जेल में हैं। भाजपा सरकार में किसान भी खुश हैं। उनके फसल की अच्छी कीमत मिल रही है। किसान सम्मान निधि के तहत 6 हजार रुपए सालाना किसानों को मिल रहा है। महिलाओं के लिए घर-घर में शौचालय का निर्माण हुआ है। माह में 2 बार राशन मिल रहा है। सभा को प्रत्याशी छट्ठू राम, जिलामंत्री आलोक शुक्ल आदि ने संबोधित किया।

Content Writer

Mamta Yadav