UP विधानभवन परिसर में प्लास्टिक उपयोग पर लगा प्रतिबंध

punjabkesari.in Tuesday, Aug 27, 2019 - 12:48 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश विधान भवन परिसर में प्लास्टिक की बोतलों और एक बार इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है।

विधान सभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे ने कहा कि विधानसभा सचिवालय द्वारा विधान भवन परिसर को प्लास्टिक की बोतलों और एक बार इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। विधान सभा में कार्यरत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यह निर्देश जारी कर दिया गया है कि प्लास्टिक के समान के बजाय पर्यावरण के अनुकूल थैलों या सामान का उपयोग किया जाए। प्रमुख सचिव ने कहा कि विधान सभा अध्यक्ष हृदय नारायण के निर्देशों के अनुरूप यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

गौरतलब है कि विधान सभा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्लास्टिक के इस्तेमाल को पूरी तरह से बंद करने के सुझाव के क्रम में यह निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि संसद भवन की भांति यूपी विधानसभा के विधान भवन परिसर को भी प्लास्टिक मुक्त बनाया जाए।
 

Deepika Rajput