बांदा: पुलिस ने चलाया “Good Morning” अभियान, DGP ने की सराहना

punjabkesari.in Saturday, Nov 02, 2019 - 06:10 PM (IST)

बांदा: यूपी पुलिस की एक पहल पूरे प्रदेश के लिए नज़ीर बन गई है। बांदा की पुलिस ने जब सुबह तड़के लोगों को गुड मॉर्निंग बोलना प्रारम्भ किया तो पहले लोग आश्चर्यचकित हुए पर धीरे-धीरे लोगों को पुलिस का यह दोस्ताना व्यवहार पसंद आने लगा। सिर्फ आम लोगों को ही नहीं प्रदेश पुलिस के मुखिया डीजीपी ओपी सिंह व प्रमुख गृह सचिव अवनीश अवस्थी ने भी इस पहल की सराहना की। अब बांदा पुलिस के गुड मॉर्निंग अभियान को गोरखपुर व प्रयागराज पुलिस ने भी प्रारम्भ कर दिया है।

जानकारी मुताबिक बांदा पुलिस के गुड मॉर्निंग अभियान के तहत पुलिसकर्मी सुबह होते ही पार्कों में पहुंच जाते हैं। इसके अलावा गलियों में भी घूमते नजर आते हैं। सुबह मिलने वाले आम जन मानस से बाक़ायदा हंसकर गुड मॉर्निंग बोल उनका हालचाल जानते हैं। बांदा पुलिस का यह दोस्ताना रवैया देख कर पहले तो लोग आश्चर्य में पड़ गए पर बाद में उनको इसका लाभ मिला।

गृह सचिव ने भी इस अभियान की सराहना की
पुलिस अधीक्षक गणेश साहा की पहल पर इस अभियान की शुरुआत की गई। उन्होंने बताया कि सुबह के समय पुलिसिंग ज्यादातर कम देखी जाती है। साथ ही इसी समय ही बुजुर्ग व बच्चों को निशाना बनाना ज्यादा आसान होता है। इसलिए उनके मन में यह ख्याल आया और उन्होंने पूरे सिस्टम को इस तरह से ढाला कि सुबह होते ही पुलिसकर्मी पूरे जोश और उत्साह के साथ शहर के पार्क, गलियों में भ्रमण कर सकें।करीब 6 महीने बाद जब इस अभियान को सफलता मिली तो धीरे-धीरे इसकी प्रशंसा लखनऊ तक भी पहुंची। वहीं प्रदेश पुलिस के मुखिया डीजीपी ओपी सिंह ने इस अभियान की सराहना की, इसके अलावा प्रमुख गृह सचिव अवनीश अवस्थी ने भी इस अभियान को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।

पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ेगा
बता दें कि बांदा की गुड मॉर्निंग पहल को अब गोरखपुर पुलिस और प्रयागराज पुलिस भी लागू कर रही है। इसमें काफी समय लगा फिलहाल पुलिस का गुड मॉर्निंग अभियान कई जगह सराहा गया और कई जिलों पर आगे काम करने की योजना बनाई जा रही है। वहीं आम जन मानस भी इस अभियान के प्रति काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। साथ ही लोगों का कहना है कि इससे पुलिस और आम जनता के बीच दूरियां कम होंगी। पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ेगा।

Ajay kumar