बंदरों के हमले से खुद को बचाने की कोशिश में छत से गिरा चूड़ी व्यापारी, मिली दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Wednesday, Nov 09, 2022 - 03:45 PM (IST)

फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में बंदरों के झुंड का युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है। बंदरों के हमले से खुद को बचाने की कोशिश करते समय वह छत से नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद से परिवार में मातम छाया हुआ है। बताया जा रहा है कि यहां पर बंदरों का आतंक इतना है कि लोग उनके डर से अपने घरों की छतों पर भी नहीं जा पाते। फिलहाल घटना के बाद से स्थानीय लोग गुस्से में हैं और सभी ने प्रशासन से जल्द से जल्द बंदरों से निजात पाने की मांग की है।

जानकारी मुताबिक यह पूरा मामला फिरोजाबाद के थाना दक्षिण के नई बस्ती का है। यहां मंगलवार की सुबह आशीष जैन अपनी छत पर टहल रहा था। इस दौरान बंदरों को झुंड ने उस पर अचानक से हमला कर दिया। इस दौरान आशीष अपने आप को बचाने की बहुत कोशिश की लेकिन अपनी छत से पड़ोसी की छत पर कूदते समय उसका पैर फिसल गया और वह सिर के बल नीचे गिर गया।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने घायल आशीष को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने उसे भर्ती करने की बजाए आगरा के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद जब लोग आशीष को लेकर आगरा के अस्पताल पहुंचे तो वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक चूड़ियों का बिजनेस करता था। वहीं इस घटना के बाद से स्थानीय लोग बहुत गुस्से में हैं। उनका आरोप है कि इस परेशानी से कई बार लोगों को अवगत कराया लेकिन बंदरों को पकड़ने के लिए अबतक प्रशासन की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

Content Editor

Anil Kapoor