'मैं खुद जा/न दे रहा हूं, सब माफ करना...' चलती कार में बैंक मैनेजर ने दबाया ट्रिगर, शीशा तोड़कर निकाला गया श/व
punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2026 - 10:57 AM (IST)
Jaunpur News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। जौनपुर के बक्सा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलती कार में यूनियन बैंक के मैनेजर ने तमंचे से सीने पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सीने में गोली लगते ही कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर मैनेजर का शव बाहर निकाला। तलाशी के दौरान गाड़ी से अवैध तमंचा और एक भावुक सुसाइड नोट बरामद हुआ है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से लखनऊ के रहने वाले दुर्गेश श्रीवास्तव जौनपुर में यूनियन बैंक की बदलापुर शाखा में बतौर बैंक मैनेजर तैनात थे। उनका परिवार जौनपुर शहर में ही रहता था। गुरुवार देर रात दुर्गेश अपनी कार से वाराणसी-लखनऊ हाईवे से गुजर रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी बक्सा थाना क्षेत्र स्थित एक ढाबे के पास पहुंची, उन्होंने अचानक तमंचा निकाला और अपने सीने से सटाकर ट्रिगर दबा दिया।गोली चलते ही कार बेकाबू होकर सीधे सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर हादसे की आशंका में मौके की तरफ दौड़े।
मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि कार अंदर से पूरी तरह लॉक थी और ड्राइवर सीट पर खून से लथपथ व्यक्ति पड़ा हुआ था। लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी और कड़ी मशक्कत के बाद कार का शीशा तोड़कर दुर्गेश को बाहर निकाला। परिजन और पुलिस उन्हें आनन-फानन में पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस को कार की तलाशी के दौरान एक तमंचा और दुर्गेश के हाथ से लिखा हुआ सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट में लिखा था कि मैं अपना जीवन स्वयं समाप्त कर रहा हूं, इसके लिए किसी को दोष न दिया जाए. मैं सभी से माफी चाहता हूं।
घटना की जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि चलती गाड़ी में बैंक मैनेजर द्वारा खुद को गोली मारे जाने की बात सामने आई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस की फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट बरामद सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग और पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

