Barabanki: प्रेमिका की शादी दूसरी जगह तय होने पर युवक ने उठाया खौफनाक कदम, गला काटकर किया आत्महत्या का प्रयास

punjabkesari.in Thursday, Mar 30, 2023 - 11:42 AM (IST)

बाराबंकी (अर्जुन सिंह): उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 22 वर्षीय युवक ने अपनी प्रेमिका की शादी दूसरी जगह तय होने पर अपना गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने घायल युवक को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। वहीं, परिजनों का कहना है कि बड़े भाई की साली से युवक का प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की के घरवाले इस रिश्ते से खुश नहीं थे। इसी के चलते उन्होंने अपनी लड़की की शादी दूसरी जगह तय कर दी। इसी बात से परेशान युवक ने गला काटकर हत्या का प्रयास किया है।



बता दें कि, यह पूरा मामला टिकैतनगर कोतवाली क्षेत्र के अजईमऊ गांव का है। इस गांव के रहने वाले 22 वर्षीय रितेश ने धारदार चाकू से अपना गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया है। घरवालों का कहना है कि उनके बड़े लड़के की शादी पांच वर्ष पूर्व अयोध्या जिले के गंगौली अशरफपुर से हुई थी। शादी के बाद बड़े लड़के की साली का उनके घर आना जाना रहता था।

यह भी पढ़ेंः Navratri 2023: नवरात्रि पर भक्त ने जीभ काटकर दुर्गा मां को चढ़ाई, ऐसी भक्ति देख हैरत में आ गए लोग



अस्पताल में चल रहा है युवक का इलाज
इसी दौरान उनके छोटे लड़के रितेश और बड़े लड़के की साली का प्रेम प्रसंग चलने लगा। दोनो एक दूसरे को पसंद करते थे लेकिन बड़े लड़के मुकेश के ससुराल वाले इसके खिलाफ थे। मुकेश के ससुर ने कुछ दिनों पूर्व अपनी लड़की की शादी कहीं दूसरी जगह तय कर दी थी। जिसके चलते कई दिनों से रितेश परेशान चल रहा था। युवक के परिजन इसी प्रेम प्रसंग को युवक की आत्महत्या के प्रयास का कारण मान रहे हैं। वहीं, इस घटना के बाद परिजनों ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उसका इलाज चल रहा है।

Content Editor

Pooja Gill