बरेलीः चेयरमैन और सभासद पद के आवेदकों के लिए गए साक्षात्कार, जातिगत समीकरणों पर रहा फोकस

punjabkesari.in Friday, Dec 23, 2022 - 08:00 PM (IST)

बरेली:  कांग्रेस के जिला कार्यालय पर गुरुवार को नगर पंचायत व नगर पालिकाओं के चेयरमैन और सभासद पद के आवेदकों के साक्षात्कार हुए। हाईकमान के दिशा-निर्देशों पर जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने सभी आवेदक प्रत्याशियों से अलग से बात कर क्षेत्र के बारे में पूरी जानकारी ली। उनसे जातिगत समीकरणों के बारे में पूछा और क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की। किस तरह से प्रत्याशी अपना चुनाव लड़ेगा उसका क्या मैनेजमेंट रहेगा, इसके बारे में भी पूछा।

जिलाध्यक्ष ने बताया कि पार्टी नगर निकाय चुनावों को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने कहा पिछले कई वर्षों से प्रदेश में भाजपा, सपा और बसपा सत्ता में रही हैं। इन्हीं लोगों का प्रतिनिधित्व भी नगर पंचायतों और नगर पालिकाओं में रहा है। उसके बाद स्थिति यह है कि सड़कें आज तक नहीं बन पाईं, स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल स्थिति में है और लोगों को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं।

कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव जिया उर रहमान ने किया। इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता डा. केबी त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष दिनेश दद्दा, जिला महासचिव सय्यद गुलफाम मियां, जिला कोषाध्यक्ष कमरुद्दीन सैफी, ब्रह्मानंद शर्मा, रामपाल माली, अरशद अली, डा. दत्त राम गंगवार, डा. सदाकत हुसैन शेख समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

 

Content Writer

Ajay kumar