Lok Sabha elections 2019: डालिए, एक नजर बरेली लोकसभा सीट पर
punjabkesari.in Tuesday, Apr 23, 2019 - 07:48 AM (IST)
बरेलीः झुमकों के लिए पूरी दुनिया में मशहूर बरेली शहर का चुनावी आंकड़ा बेहद दिलचस्प रहा है। इस सीट पर बीजेपी का ही वर्चस्व चलता चला आ रहा है। मौजूदा सांसद संतोष गंगवार इस सीट से 6 बार सांसद रहे हैं। बात करें इस सीट कि तो यहां पहली बार 1952 में चुनाव हुए। 1952 और 1957 के चुनाव में इस सीट पर कांग्रेस ने जीत हासिल कि लेकिन 1962 और 1967 के चुनाव में जनसंघ ने कांग्रेस को करारी शिकस्त देते हुए सीट पर कब्जा किया। 1971 के चुनाव में कांग्रेस ने एक बार फिर इस सीट पर वापसी की।

1977 में बीएलडी के राममूर्ति ने यहां जीत हासिल की1980 में जेएनपी के नासिर ने जीत दर्ज कि वहीं 1984 के कांग्रेस लहर में पूर्व राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद की पत्नी बेगम आबिदा इस सीट से सांसद बनी, लेकिन 1989 में बीजेपी के संतोष गंगवार ने इस सीट पर जब जीत दर्ज की..तो लगातार 6 बार यहां से सांसद रहे। संतोष गंगवार 1989, 1991, 1996, 1998, 1999 और 2004 में सासंद रहे, लेकिन 2009 में हुए चुनाव में कांग्रेस के प्रवीण सिंह ऐरोन ने उन्हें हराया और उनके जीत के क्रम को तोड़ा लेकिन 2014 के मोदी लहर में संतोष गंगवार ने फिर से इस सीट पर कब्जा किया। 2019 के चुनाव में भी संतोष गंगवार को बीजेपी ने प्रत्याशी बनाया है। इस तरीके से ये सीट बीजेपी के गढ़ के रूप में जानी जाती है।
बरेली के अंतर्गत 5 विधानसभा सीटें

इस लोकसभा के अंतर्गत 5 विधानसभा सीटें आती हैं। इनमें मीरगंज, भोजीपुरा, नवाबगंज, बरेली और बरेली छावनी की सीटें है। 2017 के विधानसभा चुनाव में इनमें से यहां सभी सीटों पर बीजेपी ने जीत दर्ज की थी। सपा, बसपा समेत दूसरे क्षेत्रीय दलों का यहां से सूपड़ा साफ हो गया था।
जानिए बरेली से कितने मतदाता करेंगे मत का प्रयोग

बात करें मतदाताओं कि तो बरेली सीट पर कुल 17 लाख 76 हज़ार 786 वोटर अपने मत का प्रयोग करेंगे। जिनमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 9 लाख 68 हज़ार 146 है। जबकि महिला वोटरों की संख्या 8 लाख 8 हज़ार 545 है। वहीं ट्रांस जेंडर वोटरों की संख्या 95 है।
एक नजर 2014 के लोकसभा चुनाव पर

बरेली लोकसभा सीट पर 2014 में हुए चुनाव पर नज़र डालें तो इस सीट पर संतोष गंगवार ने कब्जा जमाया था। बरेली से लगातार 6 बार सांसद रहे..गंगवार 2009 में चुनाव हार गए थे, लेकिन 2014 में उन्होने सपा से आयशा इस्लाम को चुनाव हरा कर दुबारा जीत हासिल की। संतोष गंगवार को कुल 5 लाख 18 हज़ार 258 वोट मिले थे। जबकि सपा के आयशा इस्लाम को 2 लाख 77 हज़ार 573 वोट मिले थे। वहीं बसपा के उमेश गौतम को 1 लाख 6 हज़ार 49 वोट मिले थे।
एक नजर 2009 के लोकसभा चुनाव पर

2009 में बरेली लोकसभा पर कांग्रेस ने इतिहास रच दिया था। कांग्रेस के प्रवीण सिंह एरान ने 6 बार लगातार सांसद रहे संतोष गंगवार को हराया था। प्रवीण सिंह एरान को कुल 2 लाख 20 हज़ार 976 वोट मिले थे। जबकि दूसरे नंबर पर रहे संतोष गंगवार को 2 लाख 11 हज़ार 638 वोट मिले थे। वहीं तीसरे नंबर पर बसपा के इस्लाम साबिर अंसारी रहे। अंसारी को कुल 1 लाख 81 हज़ार 996 वोट मिले थे।
एक नजर 2004 के लोकसभा चुनाव पर

2004 लोकसभा चुनाव में इस सीट पर बीजेपी के अजेय सांसद संतोष गंगावर ही काबिज थे। संतोष गंगवार ने बसपा के अकबर अहमद को हराया था। गंगवार को कुल 2 लाख 69 हज़ार 651 वोट मिले थे। जबकि बसपा के अकबर अहमद डम्पी को कुल 2 लाख 10 हज़ार 7 वोट मिले थे। वहीं तीसरे नंबर पर कांग्रेस के प्रवीण सिंह एरान थे। प्रवीण सिंह को कुल 1 लाख 91 हज़ार 342 वोट मिले थे।

