मदारी से बंदरोंं को छुड़ाने के लिए जानवर बने लोग, शख्स को पीट पीट कर किया घायल

punjabkesari.in Monday, Jul 22, 2019 - 04:19 PM (IST)

गाजियाबाद: गाजियाबाद में मानवता को शर्मसार करने वाली तस्वीरें सामने आयी हैं। यहां दो जानवरों को बचाने के लिए लोग खुद जानवर बन गये। मामला गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र का है। जहां दो बन्दरों को साथ लेकर जा रहे एक शख्स (मदारी) से बन्दरों को छुड़ाने के लिए कुछ लोगों ने जमकर मारपीट की और उस शख्स को पीट पीट कर घायल कर दिया। घटना हैरान करने के साथ-साथ परेशान करने वाली हैं। 

घटना बीते रविवार शाम लोनी थाना क्षेत्र के बंथला चौकी क्षेत्र की है। जहां मदारी का काम करने वाला एक शख्स ऑटो में दो बन्दरों को साथ लेकर जा रहा था। बंथला इलाके में 4-5 युवक इस मदारी को रोकते हैं और उसे दोनों बन्दरों को छोडऩे के लिए कहते हैं। जिसके लिए मदारी तैयार नहीं होता है। जिससे मदारी का लोगों से विवाद हो जाता है। बन्दरों से हमदर्दी जताने वाले लोग कानून का सहारा लेने की जगह खुद ही कानून को हाथ में ले लेते हैं और मदारी की पिटाई करने लगते है। मौके पर मौजूद लोग मारपीट कर रहे लोगों को रोकने की कोशिश करते हैं। जबकि घायल मदारी खुद को मजदूर बता लोगों से रहम की और जाने देने की गुहार लगाता है। लेकिन लोग किसी भी सूरत में इन बन्दरों को छुड़ाने से कम पर राजी नहीं होते हैं। वहीं इस दौरान किसी शख्स ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। घटना लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

शिकायत मिलेगी तो आरोपियों के खिलाफ होगी कार्रवाई: एसएसपी 
गाजियाबाद एसएसपी सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि मामला पुलिस के संज्ञान में आया था। पुलिस के अनुसार मदारी शराब के नशे में बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मदारी ऑटो की छत पर बन्दरों को बैठा कर सफर कर रहा था। जिसे लोगों ने रोका और बन्दर को छोडऩे के लिए कहा। हालांकि घटना के बाद से से ही दोनों पक्षों में से किसी का कोई पता नहीं चल पाया है। इस मामले में अगर कोई शिकायत पुलिस को मिलेगी को उसके अनुसार कार्यवाही की जायेगी।  

Ajay kumar