यूपी में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त, जंगलराज कायम: अमित शाह

punjabkesari.in Saturday, Aug 13, 2016 - 03:30 PM (IST)

काकोरी (लखनऊ): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के विकास के लिए पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार को जरुरी बताया है। शाह आज ‘याद करो कुर्बानी’ कार्यक्रम के तहत काकोरी के ऐतिहासिक स्थल पर एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। भाजपा अध्यक्ष ने कहा ‘यह सही है कि केन्द्र में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार उत्तर प्रदेश की वजह से बनी। भाजपा उत्तर प्रदेश में विकास करना चाहती है लेकिन राज्य सरकार केन्द्र की योजनाओं को लागू करने में बाधा खडी कर रही है।’ 

उन्होंने कहा कि देश के चौमुखी विकास के लिए इस महत्वपूर्ण सूबे में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाना जरुरी है, क्योंकि इस राज्य के विकसित हुए बगैर देश का चौमुखी विकास हो ही नहीं सकता। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार बनी तो एक जाति विशेष का विकास होगा। शाह ने कहा कि बहुजन समाज पाटी (बसपा) अपना विकास करेगी जबकि कांग्रेस केवल एक परिवार के विकास में विश्वास रखती है। इसलिए सूबे के चौमुखी विकास के लिए परिवर्तन का संकल्प लेते हुए उत्तर प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनानी होगी। 

काकोरी को पर्यटनस्थल के रुप में किया जायेगा विकसित
अमित शाह ने कहा कि अंग्रेज सरकार का संतुलन बिगाड़ देने वाले काकोरी कांड स्थल को पर्यटन क्षेत्र के रुप में विकसित किया जायेगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने आज यहां यह एलान किया। उन्होंने कहा कि काकोरी को पर्यटनस्थल के रुप में इस तरह विकसित किया जायेगा कि युवा इससे प्रेरणा ले सकें। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद ने उनसे इस बारे में बात की है। शाह ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से इस संबंध में विचार कर इस स्थल को ऐसा बनवाने की कोशिश करेंगे कि यह युवाओं के लिए प्रेरणास्थल बन सके।

काकोरी कांड ने हिला दी अंग्रेज सरकार की चूलें 
गौरतलब है कि स्वतंत्रता आन्दोलन में मील का पत्थर साबित हुए काकोरी कांड ने अंग्रेज सरकार की चूलें हिला दी थीं। 9 अगस्त 1925 को क्रांतिकारियों ने लखनऊ से करीब 13 किलोमीटर दूर हरदोई रोड पर स्थित काकोरी के पास यात्री रेलगाड़ी से जा रहे सरकारी खजाने को लूट लिया था। मौके पर एक चादर छूट जाने की वजह से इस मामले में 43 क्रांतिकारियों की गिरफ्तारी की गयी थी। चादर की वजह से ही सब पकड़े गये थे। चादर पर लगे धोबी के निशान के आधार पर पुलिस उसके मालिक शाहजहांपुर के बनारसी तक पहुंच गयी थी। बनारसी, राम प्रसाद बिस्मिल के करीबी थे। काकोरी कांड में चार क्रांतिकारियों रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, रोशन सिंह और राजेन्द्र लाहिडी को फांसी की सजा दी थी। रोशन सिंह को निर्धारित तिथि 19 दिसंबर 1927 के दो दिन पहले ही फांसी पर लटका दिया गया था जबकि अन्य तीनों क्रांतिकारियों को निर्धारित तिथि पर ही अलग -अलग जेलों में फांसी दी गयी थी। काकोरी में इन चारों की मूर्तियां लगी हैं।

यूपी में कानून व्यवस्था पूती तरह ध्वस्त
इस दौरान शाह ने अखिलेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। शाह ने कहा कि आज यूपी में जंगलराज व्याप्त है। प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। सपा सरकार में गुंडाराज चल रहा है। शाह ने कहा कि यूपी में सपा की सरकार बनेगी तो एक जाति विशेष का ही विकास करेगी। बीएसपी अपना विकास करेगी। सपा-बसपा सरकार में यूपी का विकास नहीं हो सकता है। यूपी के विकास के बगैर देश का विकास नहीं हो सकता है। इसलिए भाजपा ही ऐसी पार्टी हो जो सबका साथ-सबका विकास कर सकती है। अगर बीजेपी सरकार बनी तो काम के लिए यूपी से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। 

कांग्रेस ने लूटा दिया देश का खजाना
अमित शाह ने कांग्रेस पर भी तीखा वार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश में काम नहीं किया। आज देश में लोग बिजली, पानी, सड़क के लिए परेशान हैं। केंद्र में कांग्रेस की सरकार में देश का खजाना लुट गया।