बीफ खाने की जिद्द में सूली चढ़ गई शादी, बैरंग लौटी बारात

punjabkesari.in Saturday, Jun 17, 2017 - 02:38 PM (IST)

रामपुरः यूपी के रामपुर में बीफ की वजह से एक शादी रद्द हो गई। यहां लड़के वालों द्वारा बारातियों को बीफ खिलाने की मांग शादी टूटने की वजह बन गई। रिश्ता तोड़ने के बाद गांव में पंचायत भी बैठी, लेकिन इसके बाद भी लड़के वाले नहीं माने। इस मामले में लड़की वालों ने युवक समेत 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है।

जानिए पूरा मामला
यह मामला रामपुर के पटवाई थाना क्षेत्र का है। यहां के गांव घोसीपुरा की रहने वाली शकीला ने अपनी बेटी नसीम की शादी दरियागढ़ के रहने वाले मुहम्मद रफी से तय की थी। तीन महीने पहले दोनों की मंगनी की रस्म भी हो गई थी। उस वक्त शादी की तारीख तय नहीं हुई थी। पिछले महीने लड़के वालों ने कार और शादी की दावत में मेहमानों को गोमांस परोसने की मांग रखी। लड़की वालों ने हैसियत का हवाला देकर कार देने से इंकार कर दिया। साथ ही गोमांस के बैन की बात रखते हुए उसे भी बारात में परोसने से मना कर दिया।

पंचायत में भी नहीं बनी बात
लड़के वालों की ओर से रिश्ता तोड़े जाने के बाद गांव में ही पंचायत बैठी। इस पंचायत में लड़के पक्ष को समझाने की कोशिश की गई। पंचायत में बताया गया कि सरकार की ओर से गोमांस पर पाबंदी लगी है। साथ ही पंचायत ने यह भी कहा कि अगर कोई गोमांस का खाएगा तो उसके परिवार से हुक्का पानी बंद कर दिया जाएगा। इसके बावजूद भी लड़के पक्ष के लोग नहीं माने और बारात में गोमांस परोसने की जिद करते रहे।

पुलिस ने दर्ज किया केस
जब पंचायत में बात नहीं बनी तो लड़की की मां ने पुलिस में तहरीर देकर दुल्हे, उसके पिता, मां हसीना, भाई फारूख, बहन मुरादन और गुलफ्शां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दिया। पटवाई थाना प्रभारी राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि लड़के पक्ष पर दहेज मांगने और शादी में गोमांस खिलाने का आरोप है। मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

UP HINDI NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें-