2017 से पहले रोज दंगा होता था, अब सड़कों पर नमाज भी नहीं पढ़ी जाती: योगी

punjabkesari.in Tuesday, Jul 12, 2022 - 09:00 PM (IST)

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास परियोजनाओं का लाभ हर तबके को, गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव सभी पात्र लोगों को मिलेगा लेकिन कानून से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। केंद्र व प्रदेश की सरकार इन्हीं संकल्पों के साथ विकास के माध्यम से हरेक व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने का हर संभव प्रयास कर रही है। इसका परिणाम भी सबके सामने है। सरकार के इन संकल्पों के साथ लोगों के नियमित और संयमित जीवन से यूपी के प्रति परसेप्शन (धारणा) बदला है। 

2017 के पहले आए दिन दंगे होते थे
गोरखपुर क्लब में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि नीयत साफ हो तो विधाता भी सफलता की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाते हैं। आज उत्तर प्रदेश एक नए उत्तर प्रदेश के रूप में सबके सामने है। यह वही प्रदेश है जहां 2017 के पहले आए दिन दंगे होते थे। आज यहां दंगे नहीं होते। सड़कों पर धार्मिक कार्यक्रम भी नहीं होते हैं। वास्तव में कानून का सम्मान ही हमें संविधान के प्रति आग्रही बनाता है और जब संविधान का सम्मान होता है तो वह संविधान निर्माता बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान का प्रतीक बनता है।

पहले छोटी-छोटी बातों पर दंगे होते थे
सीएम ने कहा कि जहां छोटी-छोटी बातों पर दंगे होते थे, वहीं अब सड़कों पर नमाज नहीं पढ़ी जाती, कुर्बानी को लेकर दंगे नहीं होते। सभी धार्मिक स्थलों से तेज आवाज वाले लाउडस्पीकर उतार दिए गए। सरकार ने यह तय किया है कि लाउडस्पीकर की आवाज धार्मिक स्थल के परिसर तक ही होनी चाहिए। तेज आवाज से आसपास रहने वाले बुजुर्ग, मरीज को दिक्कत हो सकती है और लोक स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने की छूट किसी को नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी तेज आवाज में लाउडस्पीकर बज रहे हों नागरिक उसकी सूचना मुख्यमंत्री कार्यालय को दे सकते हैं। 

208 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास
सीएम योगी गुरु पूर्णिमा के एक दिन पूर्व मंगलवार दोपहर बाद जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों को करीब 464 करोड़ रुपये की लागत से आच्छादित करने वाली 208 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।

Content Writer

Ajay kumar