यूपी चुनाव से पहले भाजपा प्रदेश में जरूर फैलाएगी नफरत: अखिलेश

punjabkesari.in Monday, Sep 05, 2016 - 02:31 PM (IST)

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यूपी को विकास के मामले में देश का नंबर-1 राज्य बताया है। हज हाउस की बिल्डिंग एक उदाहरण है। अखिलेश ने बीजेपी पर चुनाव से पहले प्रदेश में नफरत फैलाने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने ये बातें गाजियाबाद में आला हजरत हज हाउस के उद्घाटन के दौरान कही। बता दें कि राज्य सरकार ने चार एकड़ भूमि पर इस हज हाउस के निर्माण पर करीब 40 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने जनसभा को भी संबोधित करते हुए मेट्रो और एलिवेटिड रोड का भी जिक्र किया। 

गौरतलब है कि 30 मार्च, 2005 में हज हाउस का शिलान्यास तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने किया था। आज उनके बेटे व प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 11 वर्ष बाद हज हाउस का उद्घाटन किया। हालांकि हज हाउस के हरनंदी नदी के डूबे क्षेत्र में बनाए जाने के विरोध में एनजीटी ने सरकार को नोटिस जारी कर जवाब चार सप्ताह में मांगा है। 

भाजपा जरूर नफरत फैलाएगी

रैली में पार्टी कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुुए भारतीय जनता पार्टी पर हमला किया। उन्होंने कहा कि अगले साल की शुरुआत में प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने है, इसलिए भाजपा जरूर नफरत फैलाएगी। उन्होंने कहा कि हम सभी को एकजुट होकर सपा की सरकार बनानी है।

बसपा ने मूर्ति लगवाने में पैसा बर्बाद किया
अखिलेश ने प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल बीएसपी पर हमला करते हुए कहा कि मायावती सरकार ने हाथी की मूर्ति और स्मारक बनाने में सरकारी पैसा बर्बाद किया। बीएसपी की पिछली सरकार में बेइमानी और लूट हुई थी। 

समाजवादियों को बताया गाय का सबसे बड़ा रखवाला
मुख्यमंत्री ने कहा कि गाय का सबसे बड़ा रखवाला है समाजवादी। यहां पर कहा कि गरीब और किसानों को गांवों में मोबाइल फोने देंगे। हमारी सरकार ने बिना भेदभाव के विकास का काम किया है।

अच्छे दिन का झांसा देकर कोई काम नहीं किया
अखिलेश ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला करते हुुए भाजपा से सवाल किया कि कोई बड़ा काम विकास का किया है तो बताओ। अच्छे दिन का झांसा देकर लोकसभा में वोट तो लिया, मगर कोई काम नहीं किया।

बीजेपी ने किया विरोध

भारतीय जनता पार्टी की गाजियाबाद शहर इकाई मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा हज हाउस के प्रस्तावित उद्घाटन का विरोध कर रही है। भाजपा का दावा है कि एक खास समुदाय को खुश करने के लिए नियमों को ताक पर रखकर हज हाउस का निर्माण किया गया है। पिछले दिनों जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में भाजपा की शहर इकाई के अध्यक्ष अजय शर्मा ने आरोप लगाया था कि सभी भवन उप नियमों का उल्लंघन कर हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में हज हाउस का निर्माण किया गया है। बताया जा रहा है कि मुख्य भवन के निकट से भारतीय गैस प्राधिकरण की पाइप लाइन गुजरती है, जो सुरक्षा के लिए खतरा उत्पन्न कर सकती है। इतना ही नहीं इतने बड़े परिसर के निर्माण के लिए निर्माण एजेंसी ने पर्यावरण विभाग और वायुसेना से कोई मंजूरी नहीं ली है।