एक बेटी के शिक्षित होने से पूरा परिवार शिक्षित होता है: नाईक

punjabkesari.in Wednesday, Jul 11, 2018 - 09:27 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने महिलाओं की शिक्षा पर जोर देते हुये कहा कि एक बेटी के शिक्षित होने से पूरा परिवार शिक्षित होता है। नाईक ने मंगलवार को राजभवन में राष्ट्रीय हिन्दी स्वास्थ्य पत्रिका आरोग्य दर्पण की स्मारिका ‘मैं हूँ बेटी-2018’ का विमोचन किया। 

उन्होंने कहा कि महिलाओं को समान देना भारतीय संस्कृति की विशेषता रही है। शास्त्रों में कहा गया है कि जहां महिलाओं की पूजा होती है, वहां देवताओं का वास होता है। एक ओर जहां सांस्कृतिक क्षेत्र में लक्ष्मी, सरस्वती और सीता जैसी देवियां हैं, वहीं इतिहास में रानी लक्ष्मीबाई, जीजाबाई, बेगम हजरत महल जैसी वीरांगनाएं भी हैं। भारत की पहली महिला राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा पाटिल, पहली महिला प्रधानमंत्री श्रीमती इन्दिरा गांधी तथा प्रदेश की पहली महिला राज्यपाल श्रीमती सरोजनी नायडू थीं।  

उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति राधाकृष्णन ने कहा था कि एक बेटी के शिक्षित होने से पूरा परिवार शिक्षित होता है। इसके विपरीत एक पक्ष और है जैसे महिलाओं पर होने वाले अपराध, कन्या भ्रूण हत्या, दहेज उत्पीडऩ या अन्य ऐसी खबरें जिन्हें समाचार पत्रों में देखकर दु:ख होता है। महिला को माँ, बहन, पत्नी और बेटी के रूप में देखकर अच्छा लगता है, लेकिन फिर भी कुछ ऐसी समस्याएं हैं जिनके लिए समाज को संस्कारित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस चित्र को समझने और बदलने का दायित्व समाज का है। 

नाईक ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा प्रदेश है। विश्व के केवल तीन देश इण्डोनेशिया, अमेरिका और चीन आबादी की ²ष्टि से उत्तर प्रदेश से बड़े हैं। महिला शिक्षा से बड़ा परिवर्तन आ सकता है। महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों को रोकने के लिए शिक्षा एक रामबाण उपाय है। उत्तर प्रदेश में महिला सशक्तीकरण का एक शुभ संकेत देखने को मिला है। गत वर्ष 2016-17 के दीक्षांत समारोह में 15.60 लाख उपाधियां वितरित की गई, जिनमें 7.98 लाख यानि 51 प्रतिशत उपाधि छात्राओं को मिली। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 66 प्रतिशत छात्राओं ने स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्राप्त किए हैं। 

उन्होंने कहा कि यह बदलाव पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा शुरू किए गए ‘सर्व शिक्षा अभियान’ तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’योजना का नतीजा है। पूर्व में शिक्षित महिलाएं केवल शिक्षिका या नर्स की नौकरी करती थीं। समय बदल रहा है बेटियां प्रशासनिक, पुलिस, सेना आदि की सेवाओं में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। इंजीनियरिंग और पायलट जैसे जोखिम भरे कार्यों को भी बेटियां सफलतापूर्वक अंजाम दे रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को भी आगे बढ़ाने, उन्हें शिक्षित करने और रोजगार से जोडऩे के लिए प्रयास किए जाने चाहिए।  

इस अवसर पर सदस्य विधान परिषद राज बहादुर सिंह चन्देल, राज्यपाल के विशेष सचिव डॉ0 अशोक कुमार, आयोजन समिति के अध्यक्ष राम प्रकाश वर्मा, संयुक्त सचिव देवेन्द्र प्रताप सिंह, मुय सलाहकार डॉ0 विनोद जैन समेत कई अधिकारी मौजूद थे।
 

Ajay kumar