UP में बेखाैफ दबंग, मामूली विवाद पर बुजुर्ग की गाेली मारकर की हत्या

punjabkesari.in Monday, Nov 16, 2020 - 02:13 PM (IST)

अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ से दिल को दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां दिन-दहाड़े एक बुजुर्ग को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया है। वहीं बचाव में आए बेटे के सिर पर दबंगो ने बंदूक की बट से हमला कर घायल कर दिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


दरअसल, पूरा मामला थाना खैर इलाके के गाँव रूपा नगला का है। जहां दो पक्षों में बबूल का पेड़ काटने को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष नेकराम की लाइसेंसी बंदूक को उसके पुत्र राहुल व किरनपाल लेकर आ गए। इसी दौरान राहुल ने बंदूक से दूसरे पक्ष के भयंकर सिंह के सीने पर गोली मार दी। जिसे घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने 55 वर्षीय भयंकर सिंह को मृत घोषित कर दिया।

वहीं बचाव में पहुंचे बुजुर्ग के बेटे पर भी दबंगों ने बंदूक की बट से हमला कर घायल कर दिया। फायरिंग के बाद गाँव में अफरा-तफरी मच गई। दबंग घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल से टूटी हुई बंदूक बरामद की है। घटना से पूरे गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। 


पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों नेकराम व उसके दोनों पुत्रों राहुल व किरणपाल को गिरफ़्तार कर लिया है। पीड़ित परिजनों की ओर से तहरीर का इंतज़ार किया जा रहा है। पीड़ित की तरफ से जो तहरीर मिलेगी उसी के आधार पर मुक़द्दमा पंजीकृत कर लिया जाएगा।

 

Umakant yadav