चिड़िया, कबूतर के नाम पर चल रहा था सट्टे का कारोबार, 8 दबोचे

punjabkesari.in Thursday, Sep 06, 2018 - 02:04 PM (IST)

मेरठ(आदिल रहमान): उत्तर प्रदेश के मेरठ में गरीबों की मेहनत की कमाई को सट्टे के दांव में लगवाने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। जहां यहां पर चिड़ियों और कबूतरों के नाम पर लोग हजारों का सट्टा लगाते हैं। एसपी सिटी रणविजय सिंह ने छापेमारी कर सट्टा खिलाने वाले 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला मेरठ के थाना ब्रह्मपुरी क्षेत्र के आलोक विहार कॉलोनी का है। यहां एसपी सिटी पूरे दल बल के साथ पहुंच गए। कॉलोनी में सट्टा खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया लोग इधर-उधर भागने लगे। बताया जा रहा है कि जहां सट्टे का कारोबार होता है, उसके ठीक सामने थाना है। बताया जा रहा है कि थाने में सट्टे की रकम से बड़ा हिस्सा रिश्वत के लिए जाता है। लेकिन आला अधिकारियों ने छापेमारी कर पर्दाफाश कर डाला।

यही कारण है कि छापेमारी के इस कार्यवाही में थाना पुलिस को इन्वॉल्व नहीं किया गया। एसपी सिटी ने खुद छापेमारी कर 8 लोगों को गिरफ्तार किया है।

पकड़े गए लोगों के कब्जे से सट्टे की पर्चियां हजारों की नकदी और अन्य सामान बरामद हुआ है। फिलहाल पुलिस इन्हें जेल भेजने की तैयारी में जुटी है।


 

Tamanna Bhardwaj