भदोही में दर्दनाक हादसा: दुर्गा पूजा पंडाल में जयकारे के बीच लगी भीषण आग, 2 की मौत... 50 से अधिक झुलसे

punjabkesari.in Sunday, Oct 02, 2022 - 10:46 PM (IST)

भदोही: उत्तर प्रदेश के भदोही में रविवार देर शाम एक दुर्गा पूजा पंडाल में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरा पंडाल जलकर खाक हो गया। आग लगने की खबर से पंडाल में भगदड़ मच गई। इसमें 50 से अधिक लोग झुलस गए वहीं 2 की मौत भी हो गई है।

झुलसने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बतायी जा रही है। आग इतनी भीषण थी कि ऊंची लपटें देख हर कोई सहम उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्गा पंडाल में लगी आग की घटना का संज्ञान लेते हुए दुर्घटना में घायल लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

झुलसे बच्चों और महिलाओं में  20  बीएसयू रेफर
बता दें कि औराई कोतवाली से चंद कदम दूर स्थित एकता दुर्गा पंडाल में रविवार की रात करीब आठ बजे आरती के समय आग लग गई। जिसकी चपेट में आने से 50 से अधिक लोग झुलस गए। सूचना मिलते डीएम-एसपी सहित बड़ी संख्या में आलाधिकारी और दमकल टीम पहुंच गई। झुलसे बच्चों और महिलाओं में  20 को वाराणसी बीएसयू रेफर किया गया है। वहीं 15 लोगो का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के दौरान पंडाल में 150 से अधिक की संख्या में महिला-पुरूष पंडाल की आरती में शामिल होकर जयकारा लगा रहे थे। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की गांडियों ने आग पर काबू पाया।

मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद भदोही के औराई में दुर्गा पंडाल में लगी आग का मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। इसके साथ ही जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाकर राहत कार्य को युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए हैं।

Content Writer

Mamta Yadav