BHU प्रशासन को नहीं है नव नियुक्त फिरोज खान की कोई जानकारी

punjabkesari.in Wednesday, Nov 27, 2019 - 06:01 PM (IST)

वाराणसीः सर्व विद्या की राजधानी BHU में फिरोज खान पर का विवाद रुक ही नहीं रहा। छात्रों के द्वारा विरोध प्रदर्शन बढ़ता ही जा रहा है। वहीं, फिरोज के समर्थन का क्रम जारी है। वहीं RSS जैसी संस्थाएं भी डॉक्टर फिरोज खान के समर्थन में उतर आई हैं। मगर इन सब मुद्दों से भी जरूरी बात यह है कि बीएचयू प्रशासन को पता ही नहीं है कि डॉक्टर फिरोज आखिरकार है कहां।

बता दें कि बीएचयू प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के नव नियुक्त शिक्षक के बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है। इस चर्चा पर कि वह VIP गेस्टहाउस में ठहरे हैं, अधिकारियों ने इसकी जानकारी होने से इनकार कर दिया। विश्वविद्यालय के प्रवक्ता डॉ. राजेश सिंह ने इस विषय पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि डॉ. फिरोज कहां हैं, हमें नहीं पता।

सुरक्षा तंत्र से जुड़े एक अधिकारी ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन डॉ. फिरोज की सुरक्षा को लेकर सतर्क है डॉ. फिरोज कैंपस के आसपास ही हैं। विश्वविद्यालय का माहौल शांतिपूर्ण बनाया जा रहा है ताकि डॉ. फिरोज विद्यार्थियों को पढ़ा सकें। संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के छात्र इस नियुक्ति का विरोध कर रहे है। इसलिए वह अभी तक ज्वाइनिंग के बावजूद क्लास नहीं ले सके हैं। बीएचयू कार्यकारिणी की बैठक 7 दिसंबर को होने वाली है। इसमें यह मुद्दा उठने की संभावना है। नियुक्ति के  विरोध में छात्रों का आंदोलन जारी है। वे कक्षाओं का बहिष्कार कर रहे हैं साथ ही परीक्षाओं के बहिष्कार की धमकी भी दे चुके हैं। 

 

 

Ajay kumar