UP पुलिस की बड़ी उपलब्धि,1993 मुंबई सीरियल ब्लास्ट का फरार आरोपी जलीस अंसारी गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Jan 17, 2020 - 05:47 PM (IST)

लखनऊः 1993 के मुंबई सीरियल बम ब्लास्ट केस में फरार आरोपी जलीस अंसारी को कानपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे लखनऊ लाया गया है। इस बारे में जानकारी देते हुए यूपी के महानिदेशक(डीजीपी) ओपी सिंह ने प्रेस वार्ता कर बताया कि आजीवन कारावास की सजा पा चुका जलीस अंसारी 21 दिन के परोल से गायब हो गया था। मुंबई एटीएस की जानकारी पर एसटीएफ ने उसे कानपुर से गिरफ्तार किया है।

डीजीपी ने बताया कि कानपुर की एक मस्जिद से निकलते समय जलीस अंसारी को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि जलीस अंसारी मूल रूप से यूपी के संतकबीरनगर का रहने वाला है। वह यूपी होते हुए नेपाल भागने की फ़िराक में था। डीजीपी ने कहा कि आरोपी से एसटीएफ पूछताछ कर रही है। जलीस की गिरफ्तारी यूपी पुलिस की बड़ी उपलब्धि है।

बता दें कि देश में कई सिलसिलेवार बम धमाके के मामलों में दोषी करार दिया गया 69 साल का जलीस अंसारी गुरुवार सुबह मुंबई स्थित अपने घर से लापता हो गया। वह 'डॉक्टर बम' के नाम से मशहूर है। उसे 1993 में राजस्थान बम धमाकों के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई थी। अंसारी 1993 के मुंबई सीरियल ब्लास्ट समेत कई ब्लास्ट में शामिल था। 26 दिसंबर को 21 दिन की परोल पर अजमेर जेल से छूटा था। 17 जनवरी को उसे वापस जेल पहुंचना था, लेकिन वह नहीं पहुंचा।





 

Tamanna Bhardwaj