अम्बेडकरनगर में बसपा को बड़ा झटका, पूर्व सांसद राकेश पाण्डेय सपा में शामिल

punjabkesari.in Monday, Jan 03, 2022 - 01:13 PM (IST)

अम्बेडकरनगर: उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव में कुछ ही समय वक्त बचा हुआ है। चुनाव आयोग कभी भी चुनाव की  घोषणा कर सकता है। ऐसे में पार्टी के नेताओं का दलबदल का सिलसिला भी जारी है। अंबेडकरनगर में बसपा को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। बसपा के पूर्व सांसद राकेश पाण्डेय आज अपने साथियों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए है। वर्तमान में राकेश पाण्डेय के पुत्र रितेश पाण्डेय बहुजन समाज पार्टी से सांसद है। 

बता दें कि बहुजन समाज पार्टी ने लालजी वर्मा और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम अचल राजभर को पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के आरोप में  पार्टी से निष्कासित कर दिया था।  बसपा से निष्कासित लाल जी वर्मा, अचल राजभर ने समाजवादी पार्टी  में शामिल हो गए है। ऐसे में  पूर्व सांसद राकेश पाण्डेय के सपा में शामिल होने पार्टी को काफी नुकसान होने की सम्भावना है। बताया जा रहा कि , राकेश पांडेय जलालपुर विधानसभा सीट से 2022 के चुनाव में अपने चहेते रिंकू उपाध्याय का टिकट चाहते थे। इनकी सीट लगभग फाइनल हो गई थी और विधानसभा में चारों तरफ इनके नाम से पोस्टर और बैनर लगाया गया था। बताया जा रहा है कि रिंकू उपाध्याय पांडेय परिवार के चहेते हैं, लेकिन इसी दौरान बड़े सियासी उलटफेर में बीजेपी से आए राजेश सिंह को बीएसपी ने मैदान में उतार दिया।  जिससे नाराज हो कर उन्होंने बहुजन समाज पार्टी  छोड़कर सपा में शामिल हो गए हैं। 

Content Writer

Ramkesh