नोटबंदी के कारण देश की अर्थव्यवस्था को बड़ा झटका: अखिलेश यादव

punjabkesari.in Saturday, Sep 02, 2017 - 08:23 AM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि नोटबंदी के कारण देश की अर्थव्यवस्था को बड़ा झटका लगा है। इससे न तो कालेधन का पता चला है और न ही नकली करंसी का हिसाब मिला है। भ्रष्टाचार भी नहीं रुका और न ही आतंकवादियों की गतिविधियों में कमी आई है। यादव ने कहा कि नोटबंदी का निर्णय भी अब संदेह के घेरे में है। कृषि पर इसका विपरीत प्रभाव पड़ा है।

चालू वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में कृषि क्षेत्र की वृद्धि दर 2.3 प्रतिशत रही जो वर्ष 2017 की चौथी तिमाही में 5.2 फीसदी थी। महंगाई अनियंत्रित है। खेती में उपयोग होने वाले उपकरणों के दामों में तेजी आई है। व्यापार में मंदी है। छोटे उद्योग-धंधे चौपट हो गए हैं। निर्माण कार्य ठप्प होने से फ्लैट और मकान खरीदना कठिन हो गया है। नोटबंदी से अमीरों का कुछ नहीं बिगड़ा है, गरीबों की जरूर शामत आ गई है। नोटबंदी और जी.एस.टी. से विकास कार्यों को बहुत क्षति पहुंची है।