आनर किलिंगः बड़े भाई ने चरित्र शंका में बहन को उतारा मौत के घाट

punjabkesari.in Friday, Dec 07, 2018 - 01:45 PM (IST)

गोरखपुरः उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक भाई ने अपनी सगी बहन को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने एक बगीचे में बहन को गोली मार दी। जिसके बाद वह फरार हो गया। इस मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतका के भाई व एक अन्य को गिरफ्तार किया है।

मामला चिलुआताल थाना क्षेत्र का है। यहां एक अज्ञात किशोरी का बगीचे में गोली लगा हुआ खून से लथपथ शव बरामद हुआ है। जिसके बाद पुलिस मामला दर्ज कर इस मामले की जांच कर रही थी। जांच के दौरान मृत किशोरी की पहचान 15 वर्षीय रागिनी के रूप में हुई। उसकी बड़ी दो बहनों ने कपड़ों से उसकी पहचान की। जिसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर मृतका के भाई को हिरासत में लिया।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी भाई ने अपना जुर्म कबुल कर लिया। उसने बताया कि बहन के गलत संगत में जाने पर उसने उसकी हत्या की है। पुलिस ने भाई के साथ एक अन्य को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक पिस्टल बरामद की गई है।

इस बारे में एसपी का अरविन्द कुमार पांडेय ने बताया कि सर्विलांस, मुखबीर तथा मृतका की बड़ी बहनों प्रमिला और सरिता के सहयोग से अभियुक्त सिकंदर पाल पुत्र पारसनाथ पाल जो मृतका रागिनी का सगा भाई है, को गिरफ्तार किया गया है। उसे जेल भेजा जा रहा है।
 

Tamanna Bhardwaj