भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा में बड़ी चूक, बिना पासपोर्ट के घुस रहे 6 चीनी नागरिक गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Nov 08, 2018 - 01:32 PM (IST)

बहराइचः भारत नेपाल सीमा पर सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। जहां सीमा पर दिवाली की शाम एसएसबी ने 6 चीनी नागरिकों को हिरासत में लिया है। इनमें दो  महिलाएं भी शामिल हैं। पकड़े गए लोग बिना पासपोर्ट और वीजा के भारतीय सीमा में प्रवेश कर गए थे। पुलिस इनसें पूछताछ में जुटी हुई है।

घटना बुधवार शाम की है। भारत नेपाल सीमा से सटे बहराइच जिले के रुपईडीहा बॉर्डर आउट पोस्ट के पास नेपाल से भारतीय सीमा में प्रवेश करने की फिराक में 6 चीनी नागरिको को एसएसबी जवानों ने पकड़ लिया। जिसके बाद उन्हें पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है, चीनी भाषा में बोलने के कारण एसएसबी के अधिकारियों को बातचीत करने में समस्या आ रही है। सूत्रों की मानें तो इनके पास से कैमरा भी मिला है, जिनमें भारतीय चेकपोस्टों की खिंची हुई तस्वीर है।

जिसके चलते अधिकारियों ने गृह मंत्रालय को इसकी सूचना दे दी है। इस बारे में एसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि अभी इस मामले में ज्यादा बोलना ठीक नहीं है। फिलहाल, पूछताछ की जा रही है। 


 

Tamanna Bhardwaj