राम मनोहर लोहिया अस्पताल में बड़ी लापरवाही, कुत्तों ने नोचा महिला का शव

punjabkesari.in Monday, Aug 28, 2017 - 08:18 AM (IST)

लखनऊ(अनिल सैनी): गोमतीनगर इलाके में स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के पोस्टमॉर्टम हाउस में रखी महिला की लाश को बीती रात कुत्तों ने नोच डाला। इस बात का पता लगने पर स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई। रविवार की शाम लोहिया के डॉयरेक्टर अस्पताल पहुंचे और इस मामले को गंभीरता से लेते हुए लापरवाह कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया। वहीं पुलिस परिजनों की तहरीर के आधार पर लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।

जानकारी के अनुसार चिनहट थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर की रहने वाली ऊषा तिवारी (40) नाम की महिला ने बीती रात घरेलू विवाद के चलते कीटनाशक पी लिया था। इसके बाद उसे परिजनों ने डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई थी। महिला की लाश को शवगृह में रखा गया था। जहां पर कुत्तों ने प्रवेश कर लिया और मृत महिला के मुंह को नोच कर खा लिया। खून से लथपथ महिला के शव को कुत्तों ने खूब घसीटा। कुत्तों के खून से सने पैरों के निशान फर्श पर नजर आ रहे हैं। जिसे देखकर परिजनों के होश उड़ गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

हाल ही में कुछ दिनों पहले डॉक्टरों की लापरवाही ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज में हुई घटना से पूरे देश में यूपी को शर्मसार किया था। इसके कुछ दिन बाद ही लोहिया अस्पताल में हुई इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग को शर्मसार कर दिया है। महिला के शव को कुत्तों ने बुरी तरह से नोच-नोच कर खाया। इसमें अस्पताल प्रशासन, डॉक्टरों तथा अस्पताल के कर्मचारियों की घोर लापरवाही सामने आ रही है। हालांकि लोहिया के डॉयरेक्टर भी मौके पर पहुंचे और मामले पर तुरंत एक्शन लेते हुए रात में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया।