कोरोना का कहरः दूसरों की जिंदगी बचाने वाले डॉक्टर की दिल्ली के अस्पताल में थमीं सांसे

punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2020 - 06:32 PM (IST)

बुलंदशहरः कोरोना वायरस अपना जमकर कहर बरपा रहा है, जितना इससे निपटने की कोशिश की जा रही है, उतना ही ज्यादा अपने पैर पसार रहा है। आलम ये हैं कि कोरोना से बचाने वाले और इसका इलाज करने वाले डॉक्टर भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। इसी के चलते एक बुरी खबर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से आई है, जहां बुलंदशहर के शिकारपुर इलाके रहने वाले डॉक्टर देवेंद्र कुमार की मौत हो गई है। 

मिली जानकारी के अनुसार डॉक्टर की बीती 7 तारीख को ज़्यादा तबियत खराब हुई थी। तभी इनको इलाज के लिए बुलंदशहर के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां इनकी तबियत बिगड़ने के चलते दिल्ली हायर मेडिकल सेंटर रैफर कर दिया था। इनका इलाज दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा था। देर रात डॉक्टर की इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार डॉक्टर की मौत का कारण कोरोना वायरस पॉजिटिव बताया जा रहा है।

बुलंदशहर के शिकारपुर में जिलाधिकारी व एसएसपी सहित जनपद के आलाधिकारियों ने डेरा डाल दिया है। डॉक्टर की मौत की सूचना के बाद आनन फानन इलाका हॉट स्पॉट कर सील कर दिया गया है। डॉक्टर के सम्पर्क में आई उनकी पत्नी और बेटी समेत क्लीनिक के स्टाफ को भी कोरोनटीन किया गया है।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की माने तो दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती होने के बाद डॉक्टर का सैम्पल लिया गया जिसमें 10 तारीख को आई रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव पाया गया। जिस कारण डॉक्टर की मौत हो गयी। डॉक्टर की मौत के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे में हड़कम्प मच गया। स्वास्थ्य विभाग टीम सहित मौके पर पहुंचे डीएम और एसएसपी ने शिकारपुर क्षेत्र का हॉट-स्पॉट इलाका सील कर सेनिटाइज़ कराया। यदि कोई भी व्यक्ति इस एरिया में घूमता पाया जाता है। तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static