निजी खर्चे से कैलाश मानसरोवर जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी

punjabkesari.in Thursday, Sep 21, 2017 - 04:14 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार अपने निजी खर्चे से कैलाश मानसरोवर जाने वाले यात्रियों को भी अब एक लाख रुपये अनुदान देगी। धर्मार्थ कार्य विभाग के प्रमुख सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने इस विषय में आदेश जारी कर दिया है। उन्होंने बताया कि यह अनुदान केन्द्र सरकार द्वारा कराई जाने वाली यात्रा में सम्मिलित होने वाले यात्रियों के अतिरिक्त अपने व्यक्तिगत स्रोतों से यात्रा पूर्ण करने पर यात्रियों को मिलेगा। उन्होंने बताया कि जीवनकाल में किसी भी यात्री को एक बार ही अनुदान दिया जाएगा।
               

               अवस्थी के अनुसार केन्द्र सरकार की मदद से कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले उत्तर प्रदेश के मूल निवासियों को राज्य सरकार एक लाख रुपये की धनराशि अनुदान के रुप में देगी। अनुदान के लिए आवेदक को पासपोर्ट, यात्रा पूर्ण करने का प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड प्रस्तुत करना होगा।
               
अनुदान के लिए आवेदन आवेदक द्वारा यात्रा पूरी करने के बाद तीन माह के भीतर धर्मार्थ कार्य विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराना होगा।