अनुराग ठाकुर का बड़ा बयान, कहा- सपा नेताओं को पता है कि उनकी बहू बेटी भी BJP में सुरक्षित हैं

punjabkesari.in Wednesday, Jan 19, 2022 - 06:26 PM (IST)

लखनऊ/ नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता एवं केन्द्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने बुधवार को कहा कि समाजवादी पार्टी  के नेताओं को भी पता है कि उनकी बेटियां एवं बहुएं भाजपा में सुरक्षित हैं। ठाकुर ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि पिछले कुछ दिनों से बहुत से विधायक एवं विधान परिषद सदस्य समाजवादी पार्टी छोड़ कर भाजपा में आये हैं। उनका पार्टी में स्वागत है।

इसी क्रम में आज समाजवादी पार्टी के संस्थापक नेता मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव भी भाजपा में आयीं हैं। इन सबके आने से भाजपा को भी ताकत मिलेगी। उन्होंने कहा कि लेकिन यह अपने आप में एक मिसाल है कि उत्तर प्रदेश में बीते पांच साल में योगी आदित्यनाथ सरकार ने बहू-बेटियों को सुरक्षा प्रदान की है। उसे समाजवादी पार्टी  के नेता एवं उनके घर की बहू बेटियां भी मानती हैं। चाहे मुलायम सिंह यादव की बहू हों या स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी, दोनों ही भाजपा में सुरक्षित हैं।

ठाकुर ने कहा कि उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ की आबादी में माताएं और बहनें इस बात को जानतीं हैं और उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकारों पर पूरा भरोसा है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चुनाव लड़ने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर ठाकुर ने कहा कि सपा एवं उसके गठबंधन की पहली सूची आने के बाद उसकी जमीनी स्तर पर भी और उनकी पार्टी में भी आलोचना हो रही है। सपा के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों को भी यह बात समझ में आ रही है कि यादव और योगी आदित्यनाथ में क्या फर्क है।

Content Writer

Tamanna Bhardwaj