पूर्व मंत्री नगीना सिंह यादव का बड़ा बयान, कहा, “जनता कि अपेक्षाओं एवं कानून व्यवस्था पर डीरेल हुई डबल इंजन कि सरकार”

punjabkesari.in Tuesday, Sep 19, 2023 - 09:45 PM (IST)

लखनऊः समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री नगीना यादव केंद्र कि मोदी सरकार व उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना नहीं मानते हैं। उनका कहना है कि भाजपा सरकार का उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर नियंत्रण नही रह गया है। महिलाएं, बच्चियां सुरक्षित नहीं है। प्रदेश में दिनदहाड़े हत्या, लूट, डकैती की घटनाएं हो रही हैं। कहीं भी कोई सुरक्षित नहीं है। अपराधी बेखौफ है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश में जंगल राज कायम कर दिया है।

दबंगो ने गर्भवती बेटी दामाद, ससुर की गोली मारकर हत्या कर दी
कौशाम्बी में दबंगो ने गर्भवती बेटी दामाद, ससुर की गोली मारकर हत्या कर दी। ट्रिपल मर्डर से क्षेत्र में दहशत फैल गई है। सरधना में एलएलबी के एक छात्र को गोली मार दी गई। गुरुवार को सीतापुर में बड़ागांव चौकी के एक गांव में युवती से दुष्कर्म किया गया। मैनपुरी में 6 वर्ष की बालिका से दुष्कर्म की घटना मन को विचलित करती है। इसी मंगलवार को दिनदहाडै भीड़भाड़ के बीच मिर्जापुर जिले के कटरा कोतवाली क्षेत्र में लुटेरों ने एक्सिस बैंक में रुपये जमा करने आए 3 कैशवेन कर्मचारियों को गोली मारी। गार्ड की हत्या कर 35 लाख रुपये लूट लिए। इसी तरह मंगलवार को ही प्रयागराज के सिविल लाइन्स क्षेत्र में बदमाशों ने एक अस्पताल के एकाउन्टेन्ट से सात लाख रुपये लूट लिए। अपराधियों ने प्रतापगढ़ जिले में भी कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए डेढ़ लाख रुपये की लूट की। गुरुवार को लखनऊ में निरालानगर में गल्ला व्यापारी के मुनीम से 1.50 लाख रुपये लूट लिए गए। पूरा प्रदेश अपराधियों के लाइव से दहशत में है।

PunjabKesari

आगरा में व्यापारी मनु अग्रवाल की हत्या
बीते दिनों आगरा में व्यापारी मनु अग्रवाल की हत्या हो गयी। आजमगढ़ के रौनापार में दबंगों ने अभिमन्यु मौर्य और उनकी पत्नी शीला मौर्या पर चाकुओं से हमला किया जिसमें पत्नी की मौत हो गई। वाराणसी में बीते रविवार पुलिस फोर्स में भर्ती की तैयारी कर रहे छात्र की दबंगों ने लाठी डंडों और राड से पीटकर हत्या कर दी। गाजियाबाद में वकील की हत्या हुई। प्रतापगढ़ में रिटायर्ड रोडवेज चालक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया।

पूरे प्रदेश में अपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रहीं
यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में अपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। भाजपा सरकार में दबंगई और गुण्डाई चरम पर है। आम आदमी डरा और सहमा है। इस सरकार में कुछ भी सुरक्षित नहीं है। अपराधियों और अपराध को लेकर मुख्यमंत्री जी का जीरो टॉलरेन्स का दावा झूठा और हवाई साबित हुआ है। भाजपा सरकार कुंभकर्णी नींद में है। भाजपा को इसका नतीजा भुगतना पड़ेगा।

PunjabKesari

अखिलेश यादव के निर्देशानुसार समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमण्डल आजमगढ़ जायेगा
नगीना यादव ने बताया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमण्डल 18 सितंबर को आजमगढ़ जायेगा। जनपद आजमगढ़ के थाना रौनापार क्षेत्र के ग्राम पाण्डेय का पूरा (लखमीपुर रोहुआर) निवासी अभिमन्यु मौर्य और उनकी पत्नी की दबंगों द्वारा चाकू से गोद दिए जाने से पत्नी की तत्काल मौत हो गयी तथा अभिमन्यु सौर्य गम्भीर रूप से घायल है घटना की सही जानकारी एवं शोकाकुल परिवार से मिलने हेतु 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमण्डल ग्राम पाण्डेय का पूरा (लखमीपुर रोहुज़ार) जनपद आजमगढ़ पहुंचेगा। समाजवादी पार्टी का एक अन्य प्रतिनिधिमण्डल 18 सितम्बर 2023 को ही कानपुर नगर जायेगा। कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के थाना चकेरी के चकेरी गाँव निवासी किसान बाबू सिंह यादव की जमीन भाजपा नेता ने धोखे से अपने नाम कराकर बेच दिया था जिससे आहत होकर उन्होंने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली जिसकी सही जानकारी एवं शोकाकुल परिवार से मिलने हेतु प्रतिनिधिमण्डल चकेरी गाँव कानपुर नगर पहुंचेगा।

PunjabKesari

आजम खां ने बच्चों के बेहतर भविष्य की नींव रखी
मोहम्मद आजम खां साहब पर उन्होंने कहा की यह सच की आवाज है। उन्होंने बच्चों के बेहतर भविष्य की नींव रखी है। शिक्षा के लिए विश्वविद्यालय बनाया। मोहम्मद आजम खां साहब सदैव फिरकापरसत ताकतों से लड़ते रहे हैं। भाजपा सरकार लगातार मोहम्मद आजम खां के साथ बदले की भावना से काम कर रही है। मोहम्मद आजम खां वरिष्ठ राजनेता है। उनके साथ इस तरह का व्यवहार लोकतंत्र विरोधी कदम है। मोहम्मद आजम खां की तबियत ठीक नहीं है, लेकिन आयकर विभाग द्वारा मोहम्मद आजम खां का मानसिक उत्पीडन किया जा रहा है। 13 सितम्बर 2023 को प्रातः लगभग 6 बजे स्वयं को आयकर विभाग का अधिकारी एवं कर्मचारी बताने वाले लगभग 40 लोग दीवार फांद कर मोहम्मद आजम खां के निवास स्थान, जेल रोड रामपुर के घर में घुस कर तलाशी एवं पूछताछ किए जबकि आवश्यकता हो तो पूछताछ और तलाशी मात्र कुछ समय का ही काम है। मोहम्मद आजम खां का जीवन ईमानदारी से भरा हुआ है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम किया है। रामपुर मैं मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय बनाकर युवाओं के भविष्य के निर्माण के लिए बहुत बड़ा काम किया है। मोहम्मद आजम खां के शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों से भाजपा को जारन है। इसीलिए भाजपा सरकार मोहम्मद आजम खां और उनके परिवार को तरह-तरह से झूठे मुकदमे लगाकर परेशान कर रही है। लोकतंत्र में भाजपा सरकार का यह आचरण बेहद निंदनीय है। इससे भाजपा का अलोकतांत्रिक और संविधान विरोधी चेहरा उजागर हो रहा है। आज पूरी समाजवादी पार्टी उनकी आवाज के साथ खड़ी है। भाजपा सरकार केन्द्रीय संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है।

PunjabKesari
भाजपा सरकार का आचरण संविधान विरोधी
यादव ने कहा कि भाजपा सरकार का आचरण संविधान विरोधी और लोकतंत्र विरोधी है। भाजपा सरकार विरोधी दलों के नेताओं के खिलाफ लगातार बदले की भावना से काम कर रही है। इससे पहले भी भाजपा ने मोहम्मद आजम खां साहब की ईमानदार छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए फर्जी मुकदमे लगाए थे, जबकि उन्हें कोर्ट से राहत मिली।

भाजपा सरकार विपक्षी एकजुटता और इंडिया गठबंधन से डरी हुई
यादव ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्षी एकजुटता और इंडिया गठबंधन से डरी हुई है। घोसी विधानसभा उपचुनाव की करारी हार से पूरी भाजपा और बौखला गयी है। सरकार जितनी कमजोर होगी, विपक्ष पर छापे उतने ही बढ़ते जाएंगे। सरकार तानाशाही और केन्द्रीय एजेंसियों का दुरूपयोग बंद करें। भाजपाई याद रखे तानाशाहों के अहंकार का अंत अवश्य होता है। 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता लोकतंत्र विरोधी, संविधान विरोधी, तानाशाही आचरण वाली भाजपा सरकार को करारा जवाब देगी।

PunjabKesari

भाजपा लोकतंत्र और संविधान खत्म कर रही
नगीना यादव जी ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र और संविधान खत्म कर रही है। महंगाई, बेरोजगारी बढ़ा दिया है। भाजपा की नीतियां पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने की है। भाजपा सरकार में गरीब और गरीब हो रहा है। पूंजीपतियों की सम्पत्ति बढ़ रही है। भाजपा देश के लिए संकट है। देश को इस संकट से निजात दिलाना है। भाजपा हिन्दू-मुस्लिम भाईचारा खत्म कर रही है। इसीलिए मोहम्मद आजम खां साहब के खिलाफ बदले की भावना से कार्य कर रही है। भाजपा के इस अनैतिक आचरण से कोई भी डरने वाला नहीं है। पूरे देश की नज़र उत्तर प्रदेश पर है। घोसी विधानसभा उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत से स्पष्ट है कि प्रदेश की जनता सपा के साथ है। लोगों को विश्वास है कि अखिलेश यादव जी के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराएगी। 2024 में देश की कमान अखिलेश जी के हाथों में होगी। कार्यकर्ता और नेता बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत कर रहे है।

PunjabKesari

जहां-जहां भाजपा की सरकार है वहां वहां जनता परेशान
नगीना यादव जी ने कहा कि जहां-जहां भाजपा की सरकार है वहां वहां जनता परेशान है। शिवराज सिंह सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा राज में जनता पर उत्पीड़न हो रहा है। जनता महंगाई, बेरोजगारी से परेशान है। मध्य प्रदेश की जनता बदलाव के लिए तैयार है। चुनाव का इंतजार कर रही है। भाजपा सरकार ने उत्तराखण्ड की उपेक्षा की है। 23 वर्ष होने के बाद भी उत्तराखण्ड आर्थिक तौर पर आत्मनिर्भर नहीं हो सका, जबकि उत्तर प्रदेश में तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने समाजवादी सरकार में 23 महीने में ही लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे पूरा करा दिया। देवभूमि उत्तराखंड प्राकृतिक संसाधन के बाद भी आत्मनिर्भर नहीं हो पाया। बुनियादी सुविधाओं की दिशा में कोई ठोस कार्य नहीं हुआ। उत्तराखण्ड में सरकारों की गलत नीतियों के कारण समस्या है। बिजली की समस्या जस की तस बनी हुई है। वहीं उत्तर प्रदेश की समाजवादी सरकार में अखिलेश यादव जी ने कई पॉवर प्लांट स्थापित कराए। आज यूपी में उन्हीं पावर प्लांटो से बिजली की आपूर्ति हो रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ajay kumar

Related News

static