मायावती का बड़ा बयान, कहा- सपा सरकार में सबसे ज्यादा नुकसान मुस्लिमों का

punjabkesari.in Friday, Feb 04, 2022 - 09:07 PM (IST)

अमरोहा: बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने शुक्रवार को कहा कि समाजवादी पार्टी (SP) की सरकार बनने पर सबसे ज्यादा नुकसान मुस्लिम समाज को झेलना पड़ता है जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने धर्म के नाम पर हमेशा से यहां तनाव और नफरत का ही वातावरण बनाए रखा है। सुश्री मायावती ने अमरोहा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर कांड सपा की देन है।सपा सरकार में सबसे ज्यादा दंगे फसाद हुए इससे साफ है कि सपा, गुंडों और माफियाओं की पार्टी है। 

सपा और भाजपा सरकार में दलितों और पिछड़ों का शोषण हुआ है। प्रदेश की सत्ता में मुलायम की सरकार आयी हो या फिर उनके पुत्र अखिलेश की, सबसे ज्यादा नुकसान मुस्लिम समाज को उठाना पड़ा है। मौजूदा चुनाव में भाजपा और समाजवादी पार्टी को सबक सिखाना जरूरी है। लगभग 35 मिनट के संबोधन में उन्होने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दंगों के लिए सपा सरकार पर आरोप लगाया और लोगों से इसे नहीं भूलने के लिए आह्वान किया। इस मौके पर उन्होंने अपने सांसद रहते हुए बिजनौर दंगे के दौरान अल्पसंख्यकों की गई मदद की याद दिलाई।

उन्होंने कहा कि सपा ने बसपा सरकार की तमाम अच्छी कोशिशों को खत्म कर दिया। जिले का नाम दोबारा बदल दिया। दंगों में पीड़तिों को सहारा नहीं दिया और जातिवादी मानसिकता की झलक दिखाई। अमरोहा में जोया के गांव जोई में स्थित मैदान में मायावती के कार्यक्रम के लिए खराब मौसम के बावजूद बसपाई जुटे रहे। मायावती ने रैली के दौरान केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार पर भी दलितों के उत्पीड़न का आरोप लगाया। उन्होंने धर्म के आधार पर नफरत फैलाने को लेकर भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार ने दलितों के प्रमोशन में आरक्षण खत्म किया। महापुरुषों का अपमान किया गया। सपा की कदमताल पर ही भाजपा चल रही है। 

उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म की राजनीति करने वाली भाजपा की डबल इंजन की सरकार को पूंजीपति चला रहे हैं। गरीबों और मजदूरों के हित में कार्यक्रम को बीजेपी सरकार की ओर से पूरा नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए आरक्षण का कोटा पूरा नहीं करने को लेकर भी भाजपा की मौजूदा राज्य सरकार को पक्षपाती कहा। बसपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र की गलत नीतियों की वजह से आज किसान दुखी हैं।उत्तर प्रदेश से लोग पलायन कर रहे हैं। लोग महंगाई से परेशान हैं। बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनने पर जनहित में चलाई गई सभी योजनाओं को बहाल किया जाएगा। युवाओं को रोजी रोटी और रोजगार के साधन उपलब्ध कराए जाएंगे। जहां भाजपा की सरकार में अपराध बढे हैं।

वहीं बसपा सरकार बनने पर गुंडे माफियाओं को जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। राज्य और केंद्रीय कर्मचारियों के हितों के लिए आयोग का गठन किया जाएगा। सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय के तहत काम किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जिन निर्दोष लोगों को जाति धर्म व राजनीतिक द्वेष भावना के तहत जबरदस्ती मुकदमों में फंसाया गया है, उनको न्याय दिलाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बसपा विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर पूरी तैयारी और दमदारी के साथ चुनाव मैदान में है। उन्होंने ओपिनियन पोल पर विश्वास नहीं करने की कार्यकर्ताओं को हिदायत देते हुए कहा कि 2007 के चुनाव में ओपिनियन पोल में बसपा को तीसरे नंबर पर दिखाया जा रहा था, जबकि हमने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी।      


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static